जागरण संवाददाता, शामली। दो दिन पहले एमएलसी के पुत्र और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का ऊर्जा निगम के जेई से मोबाइल पर बातचीत करते हुए अभद्रता करने और बिजली घर में आग लगाने की बात कहने का वीडियो प्रसारित हुआ था। बुधवार रात वीडियो को यूपी कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
एसपी ने वीडियो पर संज्ञान लिया और प्रकरण की जांच सीओ कैराना को सौंप दी है। वहीं, एक अन्य वीडियो और प्रसारित हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता को फोन पर पूरे इलाके के बिजली घर बंद कराने की चेतावनी दे रहे हैं।
कांधला क्षेत्र के गांव डुंडूखेडा में कई दिन पहले जेई सत्यप्रकाश अपनी टीम के साथ बिजली चोरी और बकाया बिल जमा करवाने के लिए गए थे। इस दौरान गांव के एक मुहल्ले में बकाया बिल को लेकर विद्युत कर्मचारी और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि ग्रामीणों ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए भगा दिया था।
कर्मचारियों ने कई लोगों के अवैध रूप से लगे केबल उतार दिए थे। तभी से उन ग्रामीणों के घरों में अंधेरा है। जेई ने ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर ग्रामीणों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मनीष चौहान से शिकायत की थी। इसके बाद मनीष चौहान गांव में पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने जेई से फोन पर बात की थी, तभी वह भड़क गए और कहने लगे की मुझसे बहस करोगे, मुझे चैलेंज करोगे। इसके बाद उनके बोल और भी बिगड़ गए और बिजली घर में ही आग लगाने की बात कहने लगे थे। दो दिन पहले बातचीत का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
बुधवार रात यूपी कांग्रेस के एक्स पेज से वीडियो को प्रसारित करते भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया। इस संबंध में शामली पुलिस ने संज्ञान लिया। एसपी ने प्रकरण की जांच सीओ कैराना को सौंपी है, और तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। वहीं, गुरुवार को भाजपा नेता का एक और वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें वह अधीक्षण अभियंता से फोन पर बात करते हुए सभी बिजली घर बंद कराने की चेतावनी दे रहे हैं।
दैनिक जागरण ऐसी कोई पुष्टि नहीं करता कि मनीष चौहान प्रसारित वीडियो में ऊर्जा निगम के अधिकारियों से ही बात कर रहे हैं। इस संबंध में भाजपा नेता मनीष चौहान को फोन किया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद वाट्सएप पर मैसेज भी भेजा, जिसका जवाब उन्होंने नहीं दिया।
यूपी कांग्रेस की ओर से एक्स पर यह लिखा गया
सत्ता का नशा और गुंडागर्दी का संगम। शामली में भाजपा नेता मनीष चौहान की खुलेआम दादागिरी देखिए। जनता की समस्याओं का समाधान कराने के बजाय, ये सरकारी कर्मचारियों को डरा रहे हैं और पावर हाउस फूंकने की धमकी दे रहे हैं। क्या यही भाजपा का सुशासन है?, जहां उनके नेताओं के लिए कानून और मर्यादा कोई मायने नहीं रखती? |