नोएडा के परीचौक को जाम मुक्त करने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में परीचौक पर जाम की समस्या हल करने के लिए प्राधिकरण स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्ट के साथ अनुबंध करने जा रहा है। संस्थान की टीम परीचौक पर जाम के कारण और उसके समाधान पर प्राधिकरण को सुझाव देगी। जाम से निपटने के लिए संरचनात्मक बदलाव पर भी स्थान की ओर से सुझाव दिया जाएगा।
परीचौक पर यातायात का दबाव काफी बढ़ रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद यह दबाव और बढ़ेगा। प्राधिकरण अभी तक परीचौक को जाम मुक्त कराने के लिए अस्थाई तौर पर प्रयास करता रहा है, लेकिन इसके अधिक कारगर परिणाम सामने नहीं आए हैं। आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर होगी।
स्थाई समाधान के लिए प्राधिकरण स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्ट से अध्ययन कराने जा रहा है। प्राधिकरण का प्रयास परीचौक पर जाम को खत्म करने के अलावा उसका स्वरूप भी बरकरार रखा जाए। सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि अध्ययन रिपोर्ट तैयार होने के बाद विशेषज्ञों से उस पर विस्तृत सुझाव लिए जाएंगे। सुझावों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर परीचौक पर जाम मुक्त करने की कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करेगा।
यातायात प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ बेहतर किया जा सकेगा। अध्ययन में ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम, राउंड अबाउट की संरचना, अंडरपास या फ्लाईओवर की व्यवहार्यता, पैदल यात्रियों और सार्वजनिक परिवहन की सुविधा जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा। भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजना तैयार की जाएगी। विशेषज्ञ संस्थान की मदद से तैयार की गई रिपोर्ट शहर के संतुलित और सुव्यवस्थित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
यह भी पढ़ें- नोएडा में यातायात सुधार: एनकैप फंड से बनेंगी चार अत्याधुनिक पजल पार्किंग; स्थानों का हुआ चयन |
|