search

हरियाणा: निकाय चुनावों के साथ ही पंचायतों में रिक्त पदों पर होगा उपचुनाव, 27 मार्च को प्रकाशित होंगी अंतिम मतदाता सूचियां

Chikheang Yesterday 21:27 views 286
  

निकाय चुनावों के साथ ही पंचायतों में रिक्त पदों पर होगा उपचुनाव। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सात स्थानीय निकायों के आम चुनाव और छह निकायों में उपचुनाव की तैयारी में जुटा राज्य चुनाव आयोग पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त सीटों पर भी उपचुनाव कराएगा।

विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों की रिक्त सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए राज्य चुनाव आयुक्त देविन्द्र सिंह कल्याण ने बुधवार को मतदाता सूचियों को फाइनल करने का शेड्यूल जारी कर दिया। संबंधित जिलों के उपायुक्तों को 27 मार्च को अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अप्रैल अंत तक तीन नगर निगमों अंबाला, सोनीपत और पंचकूला, रेवाड़ी नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं धारूहेड़ा (रेवाड़ी), सांपला (रोहतक) तथा उकलाना (हिसार) सहित कुल सात निकायों के लिए आम चुनाव कराने की योजना है। इसके साथ ही दो नगर परिषद टोहाना (फतेहाबाद) और झज्जर तथा चार नगर पालिकाओं राजौंद (कैथल), तरावड़ी (करनाल), साढौरा (यमुनानगर) और कनीना (महेंद्रगढ़) सहित छह निकायों में रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होना है।

राज्य चुनाव आयोग ने निकाय चुनाव के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पड़े 540 पदों पर उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें जिला परिषद सदस्य के दो, पंचायत समिति के सदस्य के 11, सरंपच के 32 और पंच के 495 रिक्त पद शामिल हैं।

करनाल और पानीपत में जिला परिषद सदस्य का एक-एक पद रिक्त है। इसी तरह चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, पानीपत और रेवाड़ी में पंचायत समिति सदस्यों के एक-एक पद रिक्त हैं।

सरपंच की बात करें तो फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी एक-एक, अंबाला, झज्जर और कैथल में दो-दो, भिवानी, फतेहाबाद और नूंह में तीन-तीन और सिरसा में पांच रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होना है। पंचों के लिए अंबाला में 21, भिवानी में 30, चरखी दादरी में 20, फरीदाबाद में पांच, फतेहाबाद में 28, गुरुग्राम में 10, हिसार में 28, झज्जर में 20, जींद में 22, कैथल में 29, करनाल में 19, कुरुक्षेत्र में 23, नूंह में 33, नारनौल में 14 पदों पर उपचुनाव होना है।

इसी तरह पलवल में 21, पंचकूला में 23, पानीपत में 14, रेवाड़ी में 19, रोहतक में 11, सिरसा में 25, सोनीपत में 53 और यमुनानगर में पंचों के 27 रिक्त पद हैं। हिसार जिले की मंडी आमदपुर व जवाहर नगर और कैथल जिले की पोलर व कोबिंदपुरा पंचायत में भी चुनाव होना है।
वार्डों में आज से वितरित की जाएंगी मतदाता सूचियां

आज वीरवार से सभी पंचायती राज संस्थाओं के वार्डों में विधानसभा वार मतदाता सूचियों के वितरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। 28 फरवरी तक यह काम चलेगा। वार्ड वार मतदाता सूची का प्रकाशन (दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए) दो मार्च को किया जाएगा।

दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 मार्च होगी, जबकि दावे और आपत्तियों को निपटाने की अंतिम तिथि - 16 मार्च रखी गई है। उपायुक्त के समक्ष 16 मार्च तक अपील कर सकेंगे, जिस पर उन्हें 19 मार्च तक निर्णय लेना होगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च को कर दिया जाएगा।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164071