पश्चिमी जिला पुलिस की पहल बुक बैंक के तहत बच्चों को प्रदान की गई किताबें
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली पुलिस सप्ताह (16-22 फरवरी) के उपलक्ष्य में पश्चिमी जिला पुलिस ने अपनी सामुदायिक पुलिसिंग पहल बुक बैंक के तहत आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले 100 बच्चों में कुतों के सेट का वितरण किया। यह किताबें आगामी शैक्षणिक सत्र के की हैं। जनकपुरी स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त डी शरद भास्कर ने किया।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा एक सुरक्षित और प्रगतिशील समाज की आधारशिला है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता, संस्थानों और पुलिस कर्मियों के स्वैच्छिक सहयोग से नई और पुरानी किताबें एकत्र करना और उन्हें उन मेधावी बच्चों तक पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण अध्ययन सामग्री नहीं खरीद पाते।
कार्यक्रम में चूना भट्टी, कीर्ति नगर, खजान बस्ती, मायापुरी, इंदिरा कैंप और विकासपुरी जैसे विभिन्न इलाकों के बच्चे अपने अभिभावकों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्रों को उनकी कक्षा के अनुसार पुस्तकों के सेट दिए गए। बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि दिल्ली पुलिस उनकी शैक्षिक यात्रा में मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर और भी सहायता प्रदान की जाएगी ताकि कोई भी बच्चा किताबों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। जिला पुलिस की ओर से शुरू की गई इस बुक बैंक जैसी पहल के माध्यम से आम लोग भी सीधे रूप से एसे जरूरतमंद बच्चों के लिए नई ही नहीं पुरानी किताबें दान कर सकती है। |