पुलिस जांच में जुटी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। थाना क्षेत्र में तीन टप्पेबाजों ने रास्ता पूछने के बहाने रेलवे कर्मी को रोका और उन्हें नोटों की गड्डी दिखाते हुए खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करने की बात कही। उन्हें एक लाख रुपये ट्रांसफर करने पर अतिरिक्त धनराशि का लालच भी आरोपितों ने दिया।
खाते में रकम ट्रांसफर कराने के बाद रेलवे कर्मी को गड्डी तो मिली नहीं बल्कि आरोपित उनका मोबाइल और डेबिट कार्ड ले उड़े। आरोप है कि उनके डेबिट कार्ड से 40 हजार रुपये निकाले गए हैं। इतना ही नहीं आरोपित उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रिश्तेदारों से भी रकम मांग रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
शालीमार गार्डन निवासी लक्ष्य कश्यप भारतीय रेलवे में डाक सेवक हैं। उनका कहना है कि 14 फरवरी को वह ड्यूटी के बाद मेट्रो से घर वापस जा रहे थे। मेट्रो में करीब 16 वर्षीय किशोर ने पटना बिहार जाने के लिए ट्रेन के बारे में पूछा।
उन्होंने नई दिल्ली से ट्रेन मिलने की बात कही। तभी किशोर के साथ मौजूद दो युवकों ने उनसे किशोर को नई दिल्ली स्टेशन तक छोड़ने की मदद मांगी। साथ ही उन्हें नोटों की 500-500 की तीन गड्डियां दिखाकर दो गड्डी (एक लाख रुपये) खाते में ट्रांसफर कराने पर एक गड्डी अलग से देने की बात कही।
दोनों युवक नाबालिग के साथ उन्हें लेकर मोहननगर मेट्रो स्टेशन के नीचे एटीएम बूथ पर पहुंचे। जहां एक लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इस दौरान एक युवक ने मौके का फायदा उठाकर उनके बैग में रखा मोबाइल चोरी कर लिया। उनका डेबिट कार्ड भी मोबाइल के कवर में रखा था। तीनों गाजियाबाद रेलवे स्टेशन जाने की बात कह कर वहां से चले गए। टप्पेबाजों ने उनके डेबिट कार्ड से चार बार ट्रांजेक्शन कर 40 हजार रुपये निकाल लिए।
आरोप है कि अब टप्पेबाज उनके मोबाइल पर वॉट्सएप का इस्तेमाल कर रिश्तेदारों से रुपये मांगे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही टप्पेबाज गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी की जाएगी। |
|