LHC0088 • 5 hour(s) ago • views 821
घायल बदमाश के साथ पुलिस टीम।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस और कुख्यात कौशल चौधरी गैंग के एक गुर्गे के बीच फोलड़ीवाल इलाके में देर शाम मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को घायल हालत में काबू कर लिया। घायल शूटर की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो कुछ दिन पहले मोहाली में हुए जिम मालिक के मर्डर केस में वांछित बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी आकाश पर मोहाली के अलावा जगरावां में भी फायरिंग की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। कमिश्नरेट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फोलड़ीवाल इलाके में छिपा हुआ है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से सहमे किसान, खेतों में बिछी फसल
पुलिस ने घेराबंदी कर सर्च शुरू की
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने की कोशिश की, आरोपी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ राउंड फायरिंग के बाद आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने तत्काल उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा। अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार जारी है। मौके से हथियार भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की जानी बाकी है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 7 साल के मासूम का अपहरण; पड़ोसन नामजद, सीसीटीवी फुटेज में साथ जाता दिखा, 20 घंटे बाद खन्ना से बरामद
हत्या के बाद से पुलिस कर रही थी तलाश
मोहाली में जिम मालिक की हत्या के बाद से ही यह मामला सुर्खियों में था और पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित साजिशों के बारे में जानकारी जुटाने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों में गहराया प्रशासनिक संकट, आधे से अधिक प्रिंसिपल पद खाली |
|