अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, विकसित हो रहे निर्माण किए ध्वस्त।
जागरण संवाददाता, कैथल। जिला प्रशासन और जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कालोनाइजेशन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है।
विभाग ने शहर के अर्बन एरिया के तहत आने वाली राजस्व संपदा पट्टी कायस्थ सेठ और पट्टी चौधरी में अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों तोड़फोड़ की कार्रवाई की। यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार की देखरेख में हुई, जो ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात रहे।
उन्होंने बताया कि पट्टी चौधरी में लगभग 2 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी की चारदीवारी को ढहा दिया गया। पट्टी कायस्थ सेठ में भी 2 एकड़ क्षेत्र में बनाई गई सड़कों, सीवरेज लाइन और डीपीसी को जेसीबी मशीनों की मदद से शुरुआती चरण में ही तोड़ दिया गया।
भू-मालिकों और प्रापर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने न तो काम रोका और न ही विभाग से अनुमति ली। जिसके उपरांत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
विभाग ने संबंधित भू-मालिकों और डीलरों के खिलाफ पुलिस स्टेशन कैथल (इन्फोर्समेंट) में मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत भेज दी है, जिस पर जांच शुरू हो चुकी है। जिला नगर योजनाकार ने आमजन को आगाह किया है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कालोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं। |