हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, उनकी बेटी गीतांजलि और दामाद राजेश कश्यप।
जागरण टीम, सोलन/शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को सेवा विस्तार दिया गया है। वह लेक्चरर साइकोलॉजी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में तैनात हैं। उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। गीतांजलि कश्यप को पति और पिता की सियासी जंग के बीच एक्सटेंशन मिली है।
हिमाचल की राजनीति में यह दिलचस्प मामला सुर्खियों में है। एक ओर जहां डॉ. राजेश कश्यप भाजपा से जुड़े हैं, वहीं दूसरी ओर उनके ससुर कर्नल धनीराम शांडिल कांग्रेस सरकार में मंत्री पद पर आसीन हैं। अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े इस परिवार में सियासी मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन हाल ही में बेटी गीतांजलि कश्यप को मिला एक्सटेंशन चर्चा का विषय बन गया है।
गीतांजलि को दोनों ओर से लाभ
राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठाया जा रहा है कि चाहे सत्ता भाजपा की हो या कांग्रेस की, गीतांजलि कश्यप को दोनों ओर से लाभ मिलता रहा है। ताजा एक्सटेंशन के बाद विपक्षी दलों ने भी इस मामले पर नजरें टिका दी हैं। अब देखना यह होगा कि यह मामला महज संयोग है या फिर आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होती है।
दो बार ससुर के खिलाफ लड़ा है चुनाव
राजेश कश्यप 2017 और 2022 में अपने ससुर डॉ. धनीराम शांडिल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। राजेश कश्यप भाजपा की टिकट पर दो बार अपने ससुर के सामने खड़े हुए हैं। राजेश कश्यप पेशे से डॉक्टर हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा: कर्मचारियों की ट्रांसफर में ही उलझे रहते हैं मंत्री, विपक्ष के प्रश्न पर CM बोले- नीति बनेगी; हाजिरी पर भी बवाल
यह भी पढ़ें: हिमाचल में गजब मामला: मेडिकल लीव लेकर राजस्थान घूमने निकल गया पूरा तहसील स्टाफ, SDM ने फोटो देखे तो लिया एक्शन |