search

छपरा के हथुआ मार्केट में लगी भीषण आग: 5-6 दुकानें जलकर खाक, लाखों रुपए के नुकसान की आशंका

LHC0088 Yesterday 22:57 views 191
  

छपरा के हथुआ मार्केट में लगी आग



जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके हथुआ मार्केट में बुधवार की रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग एक कपड़ा दुकान से शुरू हुई और कुछ ही देर में विकराल रूप लेते हुए आसपास की पांच से छह दुकानों तक फैल गई। घटना के बाद मार्केट में अफरातफरी मच गई। दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही दुकानों से धुआं और लपटें निकलने लगीं। कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण अधिकांश सामान सुरक्षित नहीं किया जा सका।
पीएनबी के पास से शुरू हुई आग, कई प्रतिष्ठान चपेट में

जानकारी के अनुसार, हथुआ मार्केट में पीएनबी के पास स्थित इंगल मार्ट, छपरा ड्रीम रेस्टोरेंट के समीप और राधे-राधे कपड़ा दुकान सहित कई दुकानों में आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरे इलाके को घेर लिया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने तुरंत नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

  
नगर थाना पुलिस मौके पर, इलाके को कराया गया सुरक्षित

सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल भीड़ को नियंत्रित किया और इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित कराया। आग लगने के बाद दुकानदारों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को दुकान के आसपास जाने से रोका, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
दमकल की दो गाड़ियां लगीं, देर रात तक बुझाने का प्रयास

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की छोटी-बड़ी दो गाड़ियां लगाई गईं। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन दुकानों के अंदर रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती रही। दमकल विभाग के कर्मियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

  

(छपरा के हथुआ मार्केट में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी)
एएसपी और सदर एसडीओ ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राम पुकार सिंह और सदर एसडीओ नीलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आग की स्थिति का जायजा लिया और दमकलकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सदर एसडीओ नीलेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आगलगी की घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जाएगा।
होली-ईद को लेकर आया था नया माल, नुकसान बढ़ने की आशंका

बताया जा रहा है कि होली और ईद को लेकर हाल ही में कई दुकानों में नया माल आया हुआ था। इसी कारण नुकसान का आंकड़ा लाखों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद जिन दुकानों में नुकसान हुआ, उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जांच में जुटी पुलिस-प्रशासन टीम

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आग लगने के कारणों की पुष्टि के लिए दमकल विभाग की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162064