पत्नी ने सो रहे पति को प्रेमी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट।
संवाद सूत्र, लम्भुआ (सुलतानपुर)। जलाभिषेक के दौरान विवाद होने पर पत्नी को थप्पड़ मारना युवक को महंगा पड़ गया। घटना से खार खाई पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्यारोपित प्रेमी की तलाश के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं।
मदनपुर पनियार के अमित सिंह व कामतागंज के दीपक सिंह दोनों दोस्त हैं और मुंबई में ट्रक चलाते हैं। दोनों रविवार की सुबह घर पहुंचे थे। घर पहुंच कर अमित सिंह पत्नी शिल्पी व साली आरती के साथ जनवारी नाथ धाम में जलाभिषेक करने गए थे। वहां दीपक सिंह पहले से मौजूद था।
दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो अमित सिंह ने पत्नी को एक तमाचा मार दिया। यह बात प्रेमी दीपक को नागवार लगी। जनवारी नाथ से वापस घर आने के बाद साली आरती अपने घर शिवगढ़ के सकवा चली गई। दंपती खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात दीपक प्रेमिका के घर पहुंचा। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर धारदार हथियार से अमित का गला रेत दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पति की हत्या करने के बाद शिल्पी अपने मायके चली गई। जहां उसने अपनी बहन आरती को बताया कि मेरे पति की दीपक ने हत्या कर दी है।
आरती ने मुंबई में रह रहे मृतक के भाई अजीत सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। भाई ने फोन से पुलिस को सूचना देते हुए पड़ोसियों को भी यह बात बताई।
एसपी चारु निगम ने एएसपी अखंड प्रताप सिंह व कोतवाल धीरज कुमार के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। साथ में फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। एसपी ने बताया कि आरोपित पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। दीपक की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत चार टीमों का गठन किया गया है।
यह भी पढ़ें- बलिया में हवा भरने वाली टंकी फटने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में हिस्ट्रीशीटर ने डॉक्टर से मांगी 15 लाख की रंगदारी, पैसे ना देने पर दी परिवार को मारने की धमकी |
|