राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से 16 और 17 फरवरी को लखनऊ के होटल सेंट्रम में दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के साथ लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, बिहार और झारखंड के अधिकारी शामिल होंगे।
इसका मुख्य उद्देश्य दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई 2.0) के अगले चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति तैयार करना है।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि बैठक में वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। साथ ही कौशल प्रशिक्षण के लक्ष्य तय किए जाएंगे।
यह भी तय होगा कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार से जोड़ने का सबसे बेहतर माडल क्या हो सकता है। ग्रामीण युवाओं को सिर्फ प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि स्थायी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलें। |