search

सावधान! बदलते तापमान के कारण युवाओं में बढ़ रहा ब्रेन हेमरेज का खतरा, ऐसे करें बचाव

LHC0088 3 hour(s) ago views 243
  

प्रतीकात्मक तस्वीर



जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ब्लड प्रेशर की बीमारी न शुगर की, हंसते खेलते गंगा स्नान कर रहा 34 वर्षीय युवक रवीश कुमार पांडेय, जल से बाहर निकला। मित्रों के पास पैर लड़खड़ाए और घाट पर ही गिर पड़ा। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले जाने पर प्राथमिक परीक्षण में पता चला कि ब्रेन हेमरेज हो गया है।

परिवार ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में शुक्रवार को 33 वर्षीय एक महिला मीना का ऑपरेशन हुआ। उसे ब्रेन हेमरेज हो गया था। युवाओं में इस तरह की आ रही परेशानी गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रही है।
मौसम में जब बदलाव हो रहा हो तो शरीर का तापमान अचानक असंतुलित हो सकता है। जिनमें कोलेस्ट्राल अधिक जमने की समस्या हो और इसकी जांच कराने में लापरवाही बरती जाए, उनके लिए वर्तमान मौसम और भी खतरनाक है।

आजमगढ़ के रहने वाले रवीश कुमार पांडेय और शंकरगढ़ की मीना ही नहीं, नवाबगंज के निवासी 38 वर्षीय हरिशंकर, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के न्यूरो फिजीशियन से इलाज करा रहे पंकज, न्यूरो सर्जन से इलाज करा रहे आलोक समेत अन्य मरीजों पर बदलते मौसम का प्रहार हुआ।

रवीश का इलाज कर रहे न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने कहा बिगड़ी दिनचर्या, खानपान में बदलाव और जीवन को आरामदायक बनाने के चलते मस्तिष्क की नसों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है।

परिवार संभालने की उम्र में जकड़ रही बीमारी

अवस्था जब 30-35 साल की हो तो कंधे पर परिवार संभालने की जिम्मेदारी आ जाती है। इस स्थिति में युवाओं को हृदय रोग और लकवा जैसे गंभीर बीमारियां जकड़ रही हैं। जिंदगी भर दवा खाने और खानपान, सोने-जागने का समय निर्धारित करने और डॉक्टरों के बताए अनुसार दिनचर्या बनाने की नौबत आ रही है। ब्रेन हेमरेज के युवा मरीज जिस तरह से बढ़ रहे हैं, सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे ज्यादातर मरीजों को पहले से कोई बीमारी नहीं थी।


इन कारणों से सिकुड़ रही मस्तिष्क की नसें

  • तापमान में उतार चढ़ाव
  • नसों में मोटी होती कोलेस्ट्राल की परत
  • विभिन्न उलझनों के चलते मानसिक तनाव
  • अधिकाधिक धूमपान
  • ठंडे पानी से स्नान के बाद गर्म स्थान पर अचानक जाना
  • नशीले पदार्थों का सेवन



ऐसे निर्धारित करें दिनचर्या

  • मोबाइल फोन का रात में इस्तेमाल कम करें
  • सुबह व्यायाम और शाम को टहलना शुरू करें
  • शाम का भोजन सात बजे के आसपास कर लें
  • ज्यादा तेल मसाला, फास्ट फूड न खाएं
  • सुबह जल्दी सोकर उठने की आदत डालें
  • दो या तीन महीने में एक बार अपनी जांच कराएं।



ब्रेन हेमरेज की हालत में आई 33 वर्षीय महिला का ऑपरेशन किया गया है। इस तरह के केस बराबर आ रहे हैं। युवाओं को सतर्क रहना चाहिए, बदलते मौसम में तो तापमान के प्रति सजगता और होनी चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।


                                                           डॉ. एसडी पांडेय, न्यूरो सर्जन, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160522