अशोक विहार स्थित डीडीए का वैष्णवी पार्क। जागरण आर्काइव
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) शहर में अपने सभी पार्कों और हरित क्षेत्र को एक नया रूप देने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए एक विस्तृत पुनर्विकास कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्ययोजना का उद्देश्य इन जगहों को न केवल पर्यावरण के अनुकूल बल्कि आम जनता के लिए भी अधिक आरामदायक और उपयोगी बनाना है।
निजी एजेंसियों की ली जाएगी मदद
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए डीडीए निजी क्षेत्र की विशेषज्ञ एजेंसियों की मदद लेगा। योजना के अनुसार, आर्किटेक्चर और लैंडस्केप आर्किटेक्चर फर्मों का पैनल तैयार किया जा रहा है। डीडीए ने \“\“रिक्वेस्ट फार एम्पेनलमेंट\“\“ (आरएफई) भी जारी कर दिया है।
यह पैनल साइट का विश्लेषण, डिजाइनिंग, मास्टर प्लानिंग और निर्माण से जुड़े तकनीकी दस्तावेज तैयार करने का काम करेगा। फिलहाल यह पैनल एक साल के लिए वैध होगा, जिसे कार्य प्रदर्शन के आधार पर दो साल तक आगे बढ़ाया जा सकता है।
16 हजार हेक्टेयर से अधिक का हरित क्षेत्र
वर्तमान में डीडीए दिल्ली में 16 हजार हेक्टेयर से अधिक के हरित क्षेत्र का प्रबंधन कर रहा है। इसमें सात बायोडायवर्सिटी पार्क, यमुना बाढ़ क्षेत्र में 11 बड़े इकोलाजिकल रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट और 773 अर्बन पार्क शामिल हैं। अब इन सभी का कायाकल्प किया जाएगा।
इन श्रेणियों में बंटेगी योजना
डीडीए ने पुनर्विकास के लिए विभिन्न श्रेणियां तय की हैं
- अर्बन लैंडस्केपिंग : पार्क, प्लाजा, पब्लिक ओपन स्पेस और स्ट्रीट स्केप (फुटपाथ आदि) का डिजाइन।
- पर्यावरण और पारिस्थितिकी : बायोडायवर्सिटी पार्क, वेटलैंड पार्क और बरसाती नालों के किनारे हरित कारिडोर।
- विरासत और संस्कृति : ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्मारक स्थलों से जुड़े हरित क्षेत्र का विकास।
- विशेष परियोजनाएं : वाटर सेंसिटिव अर्बन डिजाइन, थीम पार्क और साइनेज स्ट्रेटेजी।
सुविधाओं के साथ बढ़ेगी राजस्व की संभावना
डीडीए का लक्ष्य पार्कों में फिटनेस और योगा जोन, बच्चों के खेलने के क्षेत्र, बैठने के लिए छायादार स्थान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ओपन ग्राउंड जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करना है।
बताया जाता है कि सुविधाएं बढ़ाने के साथ- साथ डीडीए इन पार्कों के जरिए राजस्व बढ़ाने की संभावना भी तलाश रहा है। पिछले कुछ सालों में, डीडीए ने कुछ पार्कों में 20 से 50 रुपये तक का एंट्री टिकट शुरू किया है। इस नई योजना के तहत सुविधाओं में इजाफा कर अन्य पार्कों में भी ऐसी पहल की जा सकती है। |