संवादसूत्र, जयसिंहपुर (सुलतानपुर)। पौने चार किलोमीटर लंबे मार्ग द्वारिकागंज से टेढुई चौड़ीकरण का कार्य 11 करोड़ की लागत से किया गया। निर्माण के माहभर के अंदर निर्मित सड़क जगह-जगह चिटकने लगी। इस पर तारकोल छिड़क कर उसे छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जगह जगह चिटकी सड़क देख लोग हतप्रभ हैं। शिकायत के बावजूद महकमा कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
नगर से द्वारिकगंज के पास अयोध्या- प्रयागराज हाईवे को जोड़ने वाली उतरौला-अयोध्या-प्रयागराज पर द्वारिकागंज से टेढ़ुई की लंबाई लगभग पौने चार किलोमीटर है। मार्ग के चौड़ीकरण के साथ दो लेन सड़क व पटरी का निर्माण लगभग 11 करोड़ की लागत से हुआ। आवागमन को सुगम बनाने के लिए इसके चौड़ीकरण की मांग विधायक विनोद सिंह ने लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों व मंत्री को पत्र लिखकर की थी।
2025 में हुआ सड़क का निर्माण
इसके बाद शासन स्तर से स्वीकृत मिलने के बाद इसका बजट स्वीकृति कर वर्ष 2025 में इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ। बरसात समाप्त होने के बाद सड़क काली कर इसके दोनों किनारों पर सफेद पट्टियों को बनाकर जगह संकेतक भी बनाए गए। सड़क चौड़ी होने से जहां इस पर चलने वाले हजारों वाहन चालकों को सुविधा मिली और आवागमन सुगम हुुआ।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता ठीक न होने से निर्माण के माहभर के अंदर सड़क जगह-जगह चटकने लगी। इसे रोकने के लिए कार्यदायी संस्था ने वहां ऊपर से तारकोल डाल उसे ढकने का प्रयास किया, लेकिन उसके बाद भी यह सड़क जगह जगह चटक गई।
दो जिलों के लोगों का होता है आवागमन
इस मार्ग से अंबेडकरनगर, सेमरी, मोतीगंज, कूरेभार,गुप्तारगंज, कटका, अयोध्या, बीकापुर, धनपतगंज समेत अन्य जिलों के लोग सुलतानपुर से आते व जाते हैं। मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों का भी आवागमन रहता है।
निर्माण पर उठे सवाल
चालक चित्रकूट यादव, राजमेर सिंह, फुरकान अहमद, हरीश जायसवाल, रामपाल, अनीस खान, ने कहा कि पहले दो वाहनों को एक साथ पास लेने में परेशानी होती थी, लेकिन सड़क के चौड़ा हो जाने से सड़क दुर्घटना भी कम हुई। कुछ स्थानों पर सड़क चटकने से इसकी निर्माण को लेकर संशय होने लगा कि यह सड़क कितने दिन चलेगीं।
निरीक्षण कर ठीक कराऊंगा सड़क
लोकनिर्माण विभाग के अभियंता अरुण कुमार ने कहा कि सात मीटर चौड़ी सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया गया है। उसी के साथ पुलों को भी चौड़ा किया गया है। इसे दिखवाया जाएगा। |