जागरण संवाददाता, औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर सांई मंदिर के पास गुरुवार दोपहर करीब दो बजे रोडवेज बस की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार दंपती व उनके दोनों बेटे घायल हो गए।
महिला को ज्यादा चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को सीधा कराते हुए चारों को बाहर निकालते हुए एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला को चिकित्सक ने मृत बता दिया। इस बीच मायका पक्ष पहुंच गया।
पूछताछ में भाई ने बताया कि उसकी बहन फिरोजाबाद जनपद के थाना नारकी क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर अपनी ससुराल जा रही थी। रास्ते में हादसा हो गया। शव का पोस्टमार्टम कराने से पहले इनकार किया। बाद में इसके लिए तैयार हो गए।
करीब 38 वर्षीय प्रीती अपने पति ओम पाल सिंह व बेटे प्रखर व प्रबल प्रताप सिंह के साथ ब्रह्मनगर नगर मुहल्ला स्थित मायका आई थी। सदर कोतवाली क्षेत्र के ही मुहल्ला बदनपुर में मझली बहन के नवजात बच्चे को लेकर कार्यक्रम था, जिसमें पूरा परिवार शामिल हुआ।
बताया गया कि तीन दिन पहले ही यह लोग फिरोजाबाद से आए थे। गुरुवार दोपहर वापस लौटते समय कानपुर-इटावा हाईवे पर बस ने मध्य प्रदेश नंबर की क्विड कार में टक्कर मार दी। जिससे कार पलट गई। ओम पाल समेत उनकी पत्नी व दोनों बेटे कार में फंस गए। राहगीरों की भीड़ लग गई।
इस बीच सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने कुछ लोगों की मदद लेते हुए कार को सीधा कराया। इसके बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सीट बेल्ट लगी थी। हादसे में प्रीती को ज्यादा चोट थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया तो जहां चिकित्सक ने मृत बता दिया।
इस बीच अस्पताल पहुंचे भाई मनीष सिंह भदौरिया व उसके स्वजन की हादसे को लेकर ओम पाल व उनके बेटों से कहासुनी होने लगी। पुलिस ने किसी तरह से उन्हें शांत कराया। चर्चा रही कि ओम पाल सिंह की पहली पत्नी रीतू की बीमारी के चलते करीब सात वर्ष पूर्व मौत हो चुकी थी।
रीतू की सबसे छोटी बहन प्रीती थी। बच्चों के पालन पोषण के लिए स्वजन ने प्रीती की शादी ओम पाल सिंह से कराई थी। फिलहाल, इस दिशा में स्वजन कुछ बताने से कतराते रहे। पुलिस ने भी इस बारे में स्वजन से जानकारी की।
पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच हादसे को लेकर थोड़ी गहमागहमी रही। भाई का कहना रहा कि गुरुवार का दिन होने से न जाने की बात कही गई थी, लेकिन उसकी बात को नहीं सुना गया।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है। बाकी लोगों को ज्यादा चोट नहीं थी। बस के बारे में जानकारी कराई जा रही है। |
|