नरकटियागंज में होगा 2.7 KM मुख्य मार्ग का निर्माण
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज। बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसीएल) की ओर से बेतिया से नरकटियागंज तक प्रस्तावित 35.7 किमी सड़क निर्माण योजना के तहत अब शहर की पूरी मुख्य सड़क का निर्माण हो सकेगा। इसका रास्ता साफ हो गया है।
पहले जहां आरओबी से शहीद स्मारक तक करीब 700 मीटर सड़क निर्माण की योजना थी, वहीं अब शहीद चौक से पकड़ी ढाला तक लगभग दो किमी अतिरिक्त हिस्से को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा। इस प्रकार शहरी क्षेत्र में कुल मिलाकर करीब 2.7 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत आरओबी से शहीद स्मारक तक सड़क निर्माण के दायरे में आने वाले 88 पेड़ों की कटाई अथवा स्थानांतरण के लिए विभाग ने वन विभाग से एनओसी मांगा है। इसी बीच शहीद चौक से पकड़ी ढाला तक वंचित शहरी हिस्से को योजना में शामिल कराने के लिए वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने पहल की।
उन्होंने बीएसआरडीसीएल के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर इस संबंध में अनुरोध किया, जिसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया तेज की गई है। बीते दिनों कंपनी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर शंकर दयाल, मैनेजर नेहा नवीन सहित तकनीकी टीम ने शहीद स्मारक से पकड़ी ढाला तक प्रस्तावित सड़क का स्थलीय सर्वेक्षण किया।
सर्वे के दौरान सड़क की वर्तमान स्थिति, चौड़ीकरण की संभावनाएं, अतिक्रमण, नाली व्यवस्था तथा यातायात दबाव का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर डीपीआर तैयार किया जाएगा। बता दें कि इस सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 10 मीटर होगी, जो वर्तमान सड़क से लगभग ढाई गुनी अधिक है। शहरी क्षेत्र में इस मार्ग को एलएसटी रोड के नाम से जाना जाता है।
सांसद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने बताया कि प्रयास है कि पोखरा चौक से शहीद चौक तक बनने वाली सड़क के साथ ही शेष दो किलोमीटर हिस्से का निर्माण भी एक साथ शुरू कराया जाए। सड़क चौड़ी होने से शहर में आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। नरकटियागंज के साथ-साथ गौनाहा प्रखंड के लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंडों के लोगों को इस मुख्य मार्ग के निर्माण से सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यपालक अभियंता शंकर दयाल ने कहा कि सड़क का सर्वेक्षण किया गया है। इसके बाद डीपीआर बनाया जाएगा। |