LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 964
व्हाट्सएप ग्रुप से जाल में फंसाई युवती।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा शहर में आनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एक युवती को शेयर बाजार में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर उससे 44 लाख 81 हजार 400 रुपये ठग लिए। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
टीचर कालोनी, बठिंडा निवासी राजविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी अवनत कौर को ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा लाभ कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने उसे ‘एंजल वन स्टॉक हब एच-107’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया। इस ग्रुप में शेयर बाजार से जुड़े निवेश के टिप्स दिए जाते थे और कम समय में अधिक रिटर्न का दावा किया जाता था।
पीड़ित के अनुसार ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया और अवनत कौर को एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा। विश्वास में आकर उसने आरोपितों के निर्देश पर ऐप इंस्टाल कर लिया और बताए गए तरीके से निवेश करना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- \“हरियाणा के बिजली निगम घाटे में क्यों जा रहे\“, आम आदमी पार्टी ने सैनी सरकार से मांगा जवाब
शुरुआत में ऐप ने दिखाया मुनाफा
शुरुआत में ऐप पर उसे मुनाफा दिखाया गया, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग कारण बताकर उससे बार-बार पैसे निवेश करवाए। 25 जुलाई 2025 से 17 सितंबर 2025 के बीच उससे विभिन्न बैंक खातों में कुल 44 लाख 81 हजार 400 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
जब अवनत कौर ने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने बहाने बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्य और संबंधित व्यक्ति संपर्क से बाहर हो गए। तब परिवार को ठगी का संदेह हुआ और पूरे मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना में दर्ज करवाई गई।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 9 करोड़ का जीएसटी घोटाला: लुधियाना कारोबारी गिरफ्तार, फर्जी इनवाइस से टैक्स चोरी
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
थाना साइबर क्राइम के सहायक थानेदार राजिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्हाट्सएप ग्रुप, लिंक या मोबाइल ऐप पर भरोसा न करें। निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकरण और लाइसेंस की जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- डिप्टी सीएम लगने के लिए लाबिंग तेज; अब डॉ. बलजीत कौर के नाम को लेकर भी चर्चा |
|