search

18 को तिलक, 24 को बारात…; सेहरा पहनने से पहले कफन में ल‍िपट गया युवक, ऑटो हादसे में बुझा घर का चिराग

Chikheang 3 hour(s) ago views 417
  

तिलक राज (दांए) की मौत पर व‍िलाप करतीं मां। जागरण  



जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया पुल के पास गुरुवार दोपहर एक सवारी ऑटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के काउप गांव निवासी धर्मराज साह के पुत्र तिलक राज (21) के रूप में हुई है। घायल महिला को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शादी की खरीदारी से लौटते वक्त हुआ हादसा

मृतक के पिता धर्मराज साह ने बताया कि तिलक राज गुरुवार को गड़हनी बाजार से शादी का सामान खरीदकर ऑटो से अपने गांव लौट रहा था।

इसी दौरान पड़रिया पुल के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तिलक राज और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को पहले अगिआंव पीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान तिलक राज ने दम तोड़ दिया।
इलाज में लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के पिता ने सदर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
सेहरा सजने से पहले उठी अर्थी

तिलक राज तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बिमवां हरदिया गांव में तय हुई थी। 18 फरवरी को तिलक और 24 फरवरी को बारात जानी थी।

घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। सेहरा सजने से पहले ही युवक की अर्थी उठ गई। घटना के बाद मां पूनम देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160634