मुरैना में बेकाबू कार ने महिलाओं को टक्कर मारी (वीडियो ग्रैब)
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब घर के बाहर धूप सेंक रही महिलाओं को बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। एक महिला स्टूल समेत उछलकर दूर जा गिरी, जबकि बाकी महिलाओं को मामूली चोट आई। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह दुर्घटना बुधवार दोपहर स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में हुई। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि महिलाएं और बच्चे घर के बाहर बैठे थे, तभी तेज गति से आई कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक अन्य महिला और दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस कार और चालक को थाने ले गई थी। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है, जबकि अन्य घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- सेना भर्ती में रिकॉर्ड चयन : ग्वालियर से 206 अतिरिक्त पदों पर अग्निवीर भर्ती, तीसरी मेरिट लिस्ट जारी
स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि पुलिस के पास दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। हालांकि शाम तक दोनों पक्षों के बीच इलाज को लेकर आपसी सहमति बन गई, जिसके चलते कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
यह हादसा एक बार फिर रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की जरूरत को उजागर करता है, जहां पलभर की लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। |