deltin33 • 2026-1-13 21:56:57 • views 828
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर हाथ पैर सुन्न करने वाली ठंड के चपेट में है। शीत लहर का प्रकोप एनसीआर और मेरठ के आसपास बना हुआ है। लोहड़ी की तड़के सुबह पारा लुढ़क कर 2.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह न सिर्फ सीजन का बल्कि 23 जनवरी 2024 के बाद सबसे कम तापमान है। 23 जनवरी 2024 को 1.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
सोमवार को देर रात कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया। हालांकि हालांकि धूप निकलने पर मौसम शीशे की तरह साफ हो गया। दिन में धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने तापमान में गिरावट का मुख्य कारण हिमालय क्षेत्र के ऊंचाई वाले भागों में बर्फ से लदी चोटियों से होकर उत्तर पश्चिमी हवाओं को बताया है।
जैसे-जैसे यह हवाएं नीचे आती हैं यह और ठंडी हो रही हैं। मेरठ ही नहीं मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.1, गौतम बुद्ध नगर में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सयस रहा। चार दिनों से मौसम का यही ट्रेंड देखा जा रहा है।
न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि 17 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 18 जनवरी को बरसात हो सकती है। |
|