search

Bihar Mausam Update: उत्तर बिहार में दो दिनों तक कोल्ड डे का रहेगा असर, तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड

cy520520 2026-1-9 18:57:57 views 514
  

उत्तर बिहार में दो दिनों तक कोल्ड डे का रहेगा असर (ANI)



संवाद सहयोगी, पूसा। उत्तर बिहार में एक बार फिर ठंड (Bihar Mausam Update) का प्रकोप बढ़ गया है। लगातार गिरते तापमान और पछुआ हवा के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी एक से दो दिनों तक क्षेत्र में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे कनकनी वाली ठंड का असर जारी रहेगा।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि उत्तर बिहार में कभी-कभी बादल छा सकते हैं, लेकिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।

उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों के दौरान सुबह में हल्का से मध्यम कुहासा छाने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की। जिससे ठंड और बढ़ेगी।

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 7 डिग्री कम अधिकतम और 3 डिग्री कम न्यूनतम तापमान है। सूरज की किरणें न निकलने और ठंडी हवा चलने के कारण दिनभर सिहरन बनी रही।

हालांकि, बुधवार और गुरुवार को दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और सर्द हवा चलती रही, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। तेज ठंड का असर आम लोगों के साथ-साथ फसलों और पशुओं पर भी पड़ रहा है।

किसान फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं पशुपालक अपने मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम देखी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में धीरे-धीरे सुधार की संभावना है, लेकिन फिलहाल लोगों को ठंड से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162676