बिहार के संतोष कुमार बने सफल कारोबारी
नई दिल्ली। अकसर लोग नौकरी छोड़ खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं। ऐसे युवाओं की संख्या बढ़ भी रही है। मगर हर कोई इसमें कामयाब नहीं होता। पर दुनिया भी कहानी उन्हीं की सुनना पसंद करती है, जो सफलता की सीढ़ियां चढ़ चुके हों। ऐसे ही लोग दूसरों को प्रोत्साहित करते हैं। ऐसी ही कहानी है बिहार के संतोष कुमार की, जो एक समय 35 हजार रुपये की नौकरी करते थे, पर आज वे करोड़ों का कारोबार चलाते हैं। कैसे मिली उन्हें सफलता और क्या है उनका बिजनेस, आइए जानते हैं।
क्या करते थे संतोष?
संतोष एक इंजीनियर हैं। उनकी नौकरी अच्छी चल रही थी। मगर उनके दो मकसद थे। पहला अपना बिजनेस शुरू करना और दूसरा गांव के किसानों को रोजगार देना। वे अपने बिजनेस के दम पर इन दोनों ही मामलों में सफल रहे।
किस कंपनी में करते थे नौकरी?
बीटेक के बाद संतोष ने नौकरी शुरू की और वे गुजरात की कंपनी एबीजी शिपयार्ड में काम करने लगे। उनकी नौकरी तो अच्छी चल रही थी, मगर वे दिमागी तौर पर कुछ और चाहते थे। करीब डेढ़ साल नौकरी करने के बाद संतोष गांव वापस लौटे।
नौकरी छोड़ने का फैसला उनके करीबियों के लिए काफी हैरान करने वाला था। मगर संतोष को भरोसा था कि वे कामयाब होंगे।
क्या था बिजनेस आइडिया?
संतोष अपना डेयरी फार्म शुरू करने के लिए सूरत से पटना वापस आए थे। रिसर्च के बाद साल 2018 उन्होंने 7 गायों के साथ डेयरी फार्म खोला। कारोबार बढ़ा, तो संतोष ने गायों की संख्या बढ़ाई। मगर इसके लिए निवेश चाहिए था।
साल 2022 में उन्हें \“बिहार स्टार्टअप\“ योजना के जरिए 10 लाख रुपये का लोन मिल गया। फिर क्या था, उन्होंने गायों की संख्या बढ़ाई, जो इस समय 125 है।
कितना पहुंच गया टर्नओवर?
कारोबार और गायों की संख्या बढ़ने के साथ ही उनका सालाना टर्नओवर भी 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उनके पास मौजूद अलग-अलग नस्ल की 125 गाय हैं, जिनसे रोज 300 लीटर दूध मिलता है। इतना ही नहीं करीब 60 किसान भी संतोष से जुड़े हुए हैं।
संतोष का मकसद गांव के लोगों को शुद्ध दूध और डेयरी प्रोडक्ट प्रोवाइड कराना है। अब संतोष का लक्ष्य और बड़ा है। वे अपने टर्नओवर को 600 करोड़ रुपये तक ले जाना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें - इस अरबपति से 100 करोड़ किराया वसूलेंगे अदाणी, 28 साल के लिए हुई है डील; कौन हैं ये शख्स? |
|