search

हाथों में झुनझुना लेकर हरियाणा विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक, बेरोजगारी-नौकरियों के मुद्दे पर निकाला पैदल मार्च

LHC0088 1 hour(s) ago views 479
  

हाथों में झुनझुना लेकर हरियाणा विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक। फोटो एक्स



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में अन्य राज्यों के युवाओं को नौकरियां देने तथा मनरेगा में बदलाव किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक मंगलवार को सड़कों पर उतरे। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने हाई कोर्ट चौक से लेकर विधानसभा तक पैदल मार्च किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने एक हाथ में विभिन्न समस्याओं पर लिखी तख्तियां और दूसरे हाथ में झुनझुना लेकर नारेबाजी की।

कांग्रेस विधायकों ने धान खरीद घोटाले की जांच करवाने, खेल स्टेडियमों की बदहाली, एचपीएससी भर्तियों में अनियमितता, बीपीएल राशन कार्डों में गड़बड़ी, लाडो लक्ष्मी योजना की खामियों, प्रदेश में बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी देने जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष के नाते जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक हर मंच पर उठाएगी।
जनता की पैरवी करेगी कांग्रेस

भाजपा जितना अपनी जिम्मेदारी से भागेगी, कांग्रेस उतने पुरजोर तरीके से जनता की पैरवी करेगी। आखिरकार सरकार को जवाबदेह बनना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। सरकार न किसानों को एमएसपी व मुआवजा दे पा रही है और न ही युवाओं को रोजगार दे रही है। न विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा दे पा रही है और न ही जनता को सुरक्षा दे रही है।

जिस तरह प्रदेश में वारदातें और घोटाले हो रहे हैं, ऐसा लगता है कि यहां सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने बुजुर्गों की पेंशन काटने पर कहा कि अब सरकार 70 हजार पेंशन रिस्टोर करने का दाव कर रही है, जबकि पहले सरकार कह रही थी कि उसने किसी की पेंशन काटी ही नहीं। अगर काटी नहीं तो रिस्टोर क्यों की जा रही है।
चुनाव के बाद करीब 14 लाख राशन कार्ड काटे गए

हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में चुनाव के बाद करीब 14 लाख राशन कार्ड काटे गए हैं। अकेले अंबाला में 54 हजार राशन कार्ड काटे हैं। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बुढ़ापा पेंशन को 200 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये किया था, यानी साढ़े सात गुना की बढ़ोतरी की थी। भाजपा सरकार ने 11 साल में इसमें सिर्फ 2 गुना ही बढ़ोतरी की है।

एमएसपी 24 फसलों पर देने का दावा भी झूठा है, हरियाणा में इतनी फसलें नहीं होतीं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से 2000 करोड़ से ज्यादा मुनाफा कमाया गया, लेकिन क्लेम नहीं मिलते, लोग बीमा छोड़ रहे हैं। हरियाणा में तो आलम ये है कि भाजपा सरकार 80 में से 78 पद अन्य राज्य के लोगों को दे देती है। यह नाकाबिले बर्दाश्त है। कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।


  
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165074