LHC0088 • 6 day(s) ago • views 1040
राजकीय इंटर कालेज डोभालवाला के प्रांगण में चल रही महिलाओं की रामलीला में मंचन से पूर्व आरती करते लोग। साभार-स्कूल
जागरण संवाददाता, देहरादून: महिला सशक्तीकरण को और अधिक व्यापक बनाने का संदेश देते हुए दून की रामलीला में राम से लेकर रावण हर एक किरदार महिलाएं निभा रही हैं। खास बात है कि ये सभी महिलाएं गृहिणी हैं जो सुबह घर का कामकाज निबटाने के बाद दोपहर से शाम तक मंचन करती हैं। यह पहली बार है जब देहरादून की रामलीला में यहां की महिलाएं अलग अलग किरदार निभा रही हैं।
राजकीय इंटर कालेज डोभालवाला के प्रांगण में महिला रामलीला कमेटी की ओर से एक जनवरी से रामलीला का मंचन शुरू हो चुका है। इसमें 20 महिलाएं शामिल हैं। कोई मंच पर तो कई साज सज्जा व पर्दे के पीछे अन्य कार्य निभा रही हैं।
कमेटी की अध्यक्ष व रामलीला के निर्देशक लक्ष्मी मलासी ने बताया कि वह काफी समय से विभिन्न संस्थाओं की ओर से होने वाले रामलीला मंचन में कई किरदार निभा चुकी हैं। महिलाएं एक साथ रामलीला मंचन के लिए आगे आएं इसी उद्देश्य के साथ इस बार विभिन्न क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक कर महिलाओं की रामलीला करने का निर्णय लिया गया।
इन दिनों स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां हैं तो इसी को सही समय उपयुक्त मानकर महिलाओं को एकजुट किया। जिसमें चुक्खुवाला, इंदिरा कालोनी व डोभालवाला की महिलाएं रामलीला का किरदार निभा रही हैं। 13 जनवरी तक रामलीला का मंचन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। शनिवार को रामलीला मंचन के तीसरे दिन सीता स्वयंवर में दर्शक काफी संख्या में उमड़े।
मंच पर महिलाओं के किरदार को देख उत्साह बढ़ाया। हर एक किरदार ने दर्शकों का मनम मोहा। मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा ने महिलाओं की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि समाज में महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश देता है। इस मौके पर स्वाति नेगी एवं उदवीर सिंह पंवार, कमला देवी, लक्ष्मी दत्त, सुनीता जोशी आदि मौजूद रहे।
ये महिलाएं निभा रहीं मुख्य किरदार
राम: पूनम रावत, लक्ष्मण: कमला बछवाण, सीता: रश्मि शर्मा, हनुमान: पुष्पा डुकलान, रावण: सुनीता जोशी, मेघनाद व कैकेयी: वंदना शर्मा, दशरथ: लक्ष्मी बछवाण, सुलोचना:माया रावत किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा कोटद्वार के हास्य कलाकार प्रदीप भट्ट भी लोगों को गुदगुदा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की इस अनोखी रामलीला ने पूरे किए 122 साल, कई वर्षों तक राम की जगह वासुकी नाग देवता का हुआ राजतिलक
यह भी पढ़ें- भगवान गणेश का अनोखा मंदिर, जहां बिना सिर के होती है उनकी पूजा |
|