घने कोहरे से लैंडिंग नहीं मिली अनुमति,इंतजार कर रहे यात्रियों का हंगामा। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मौसम में आए बदलाव और घने कोहरे की वजह से दिन भर उड़ानों में देरी के बाद शाम होते-होते स्थिति बिगड़ गई। मुंबई से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी और उसे जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दिल्ली से आ रहे अकासा एयरलाइन के विमान को भी वापस भेज दिया गया।उड़ानें रद व डायवर्ट होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और एयरपोर्ट पर हंगामे की स्थिति भी बनी।एयरलाइंस के अधिकारियों ने रिफंड व दूसरे दिन का टिकट देकर यात्रियों को शांत कराया।
दिल्ली से सुबह 10:50 बजे गोरखपुर पहुंचने वाला स्पाइसजेट का विमान 2:15 घंटे की देरी से एयरपोर्ट पर पहुंचा।वहीं सुबह 11:40 बजे आने वाला इंडिगो का दिल्ली-गोरखपुर विमान भी लगभग 1:15 घंटे की देरी से आया।लगातार बदलते आगमन समय के कारण यात्रियों को टर्मिनल भवन में लंबा इंतजार करना पड़ा।अपराह्न 3:30 बजे कोलकाता से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची।
देरी का असर प्रस्थान करने वाली उड़ानों पर भी पड़ा। दोपहर 2:55 बजे दिल्ली जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी और करीब शाम चार बजे उड़ान भर पाई।मुंबई से शाम 6:15 बजे आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट लगभग दो घंटे की देरी से रात करीब आठ बजे गोरखपुर पहुंची, लेकिन उस समय घना कोहरा छा जाने के कारण दृश्यता बेहद कम थी।
सुरक्षा कारणों से विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई और उसे जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इसी फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए करीब 180 यात्री शाम पांच बजे ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। उड़ान रद होने की सूचना मिलते ही यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।इसी तरह शाम 6:50 बजे दिल्ली से आने वाली अकासा एयरलाइन की फ्लाइट को भी गोरखपुर में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, देहरादून रेलवे स्टेशन पर सात घंटे देरी से आई गोरखपुर एक्सप्रेस
यही विमान आगे शाम 7:30 बजे गोरखपुर से बेंगलुरु जाने वाला था। बेंगलुरु जाने के लिए पहुंचे यात्रियों को भी उड़ान रद होने की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्हें रिफंड और अगले दिन का टिकट देकर लौटाया गया।
एयरलाइंस अधिकारियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को समझाकर स्थिति संभाली। यात्रियों से अपील की गई है कि कोहरे और मौसम को देखते हुए घर से निकलने से पहले उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। |
|