LHC0088 • 2025-12-18 15:37:08 • views 498
थावे मंदिर
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। थावे थाना क्षेत्र के विश्वप्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घने कोहरे और रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोर मंदिर परिसर में घुसे और मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ाए गए सोना-चांदी के मुकुट, हार सहित अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए। इसके साथ ही मंदिर परिसर में रखे गए लॉकर को तोड़कर उसमें मौजूद बहुमूल्य सामान भी ले गए। प्रारंभिक आकलन और स्थानीय लोगों के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन में भारी आक्रोश देखा गया। श्रद्धालुओं का कहना है कि थावे दुर्गा मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां सुरक्षा व्यवस्था में चूक गंभीर चिंता का विषय है। सूचना मिलते ही थावे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में दो अज्ञात युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, चोरों ने मंदिर के पीछे से बांस की सीढ़ी के सहारे अंदर प्रवेश किया और पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया। चोरों ने पहले मां दुर्गा की प्रतिमा से आभूषण उतारे, फिर लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सामान पर हाथ साफ किया और फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस की कई टीमें जिले और आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी स्वयं भी मौके पर पहुंचे और मंदिर प्रशासन से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साथ ही चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हालांकि मंदिर प्रबंधन की ओर से चोरी गए आभूषणों और नकदी की आधिकारिक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का दावा है कि यह चोरी तीन करोड़ रुपये से अधिक की हो सकती है।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा किया जाएगा। |
|