जागरण संवाददाता, पीलीभीत। वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहा है। बीते दिनों तेंदुए का एक बच्चा शिकारियों के जाल में फंस गया था, जबकि अब एक तेंदुए का शव बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पिपरा खास में मिला। सुबह खेतों की रखवाली करने वाले ग्रामीणों ने देखा तो खलबली मच गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
गांव के बीच तालाब में तेंदुए का शव देखा गया। जब ग्रामीणों ने उसे भगानें का प्रयास किया, उसके नहीं भागने पर सूचना वन विभाग की टीम को दी गई। सूचना पर करीब दो घंटे के बाद पहुंची टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
पिपरा खास गांव के ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह को जब कुछ लोग घरों से बाहर निकलने तो उन्होंने गांव के बीच तालाब के किनारे तेंदुए को देखा, इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर भीड़ जमा हो गई और तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, जब वह नहीं उठा तो उन्होंने हिम्मत बांध कर उसके पास जाकर देखा, तो वह मृत था।
इसकी सूचना किसी ने वन विभाग के अधिकारियों को दी। करीब दो घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टीम तेंदुए के मृत पाए जाने की जांच में जुट गई। |