मरने से पहले महिला ने पति पर लगाया गंभीर आरोप।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में बेंगलुरु से करीब 28 किमी. दूर अट्टीबेले में एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि पति ने उसे मरकरी का इंजेक्शन लगाया और नौ महीने से जिंदगी के लिए लड़ रही थी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पीड़िता विद्या के गंभीर रूप से बीमार पड़ने से पहले अपना विस्तारित बयान देने के बाद 23 नवंबर को अट्टीबेले पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। मरने से पहले विद्या के दिए गए बयान के मुताबिक, उसकी शादी बसवराज से हुई थी। विद्या ने आरोप लगाया कि शादी के शुरू से ही उसे अपने पति और ससुर दोनों से लगातार परेशान किया गया, बेइज्जती की गई और उसे नजरअंदाज किया गया।
मरने से पहले विद्या ने बताई पूरी कहानी
उसने बताया कि उसका पति उसे बार-बार पागल कहता था और उसे घर में बंद कर देता था, रिश्तेदारों के घर ले जाने से मना कर देता था और निरंतर उसके साथ बुरा बर्ताव करता था। महिला का एक चार साल का बच्चा भी है। विद्या ने बताया कि 26 फरवरी की रात वह सो गई और अगली शाम को ही उसे होश आया। उसे अपनी दाहिनी जांघ में बहुत तेज दर्द महसूस हुआ, जैसे उसे कोई इंजेक्शन लगा हो।
इसके बाद जब उसकी हालत बिगड़ी तो वह 7 मार्च को अट्टीबेले सरकारी अस्पताल गई और उसे ऑक्सफोर्ड अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जब टेस्ट किए और उसके शरीर में मरकरी पॉइजनिंग पाई गई। उन्होंने सर्जरी की और टेस्टिंग के लिए सैंपल भेजे, जिससे मरकरी होने की पुष्टि हुई।
9 महीने लड़ती रही जिंदगी की जंग
विक्टोरिया हॉस्पिटल में शिफ्ट होने से पहले वह एक महीने से ज्यादा समय तक वहां इलाज कराती रही, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि जहर उनके पूरे शरीर में फैल गया है, जिससे उनकी किडनी समेत कई अंगों को नुकसान पहुंचा है। उसे डायलिसिस पर रखा गया लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही।
विद्या ने पुलिस को बताया कि उसके पति बसवराज ने पिता मारिस्वामाचारी के साथ मिलकर उसे मारने के इरादे से उसके शरीर में मरकरी का इंजेक्शन लगाया था। लगातार मेडिकल देखभाल के बावजूद, नौ महीने तक मरकरी पॉइजनिंग से पीड़ित रहने के बाद नवंबर में विद्या की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु के कॉलेज की छात्रा का शव एक महिला के कमरे से बरामद, मची खलबली |