LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 571
शिक्षा निदेशालय जम्मू की ओर से तैयारियां आरंभ, दिशानिर्देश जारी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू संभाग के समर जोन के स्कूलों में पहली मार्च से शिक्षा सत्र 2026-27 आरंभ होगा।नए शिक्षा सत्र को लेकर शिक्षा निदेशालय जम्मू की ओर से तैयारियां आरंभ कर दी गई है और इसको लेकर दिशानिर्देश भी शिक्षा निदेशक जम्मू की ओर से जारी कर दिए गए हैं।
निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक कक्षा पहली से नौवीं तक के वार्षिक परीक्षा परिणाम चार मार्च 2026 तक घोषित कर दिए जाएंगे। परीक्षा परिणाम के घोषित होने के बाद शिक्षकों को नए सत्र की शैक्षणिक तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, जिसमें वे नए सत्र के लिए स्कूलों में पर्याप्त बंदोबस्त कर सकेंगे।
शिक्षा निदेशक ने नए शिक्षा सत्र आरंभ से पहले स्कूलों में मेगा पेंरेंट-टीचर्स मीटिंग (पीटीएम) आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन बैठकों में अभिभावकों की भूमिका, छात्रों से अपेक्षाएं तथा स्कूलों में सुविधाओं की जानकारी साझा की जाएगी।इसके साथ ही चार मार्च से मेगा नामांकन अभियान भी चलाया जाएगा।
स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लोगों के सहयोग से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें तथा स्कूल छोड़ चुके व नए बच्चों की पहचान कर उन्हें स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए जागरूक करें। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ मिलकर कर प्री-प्राइमरी और पहली कक्षा में प्रवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए लगेंगी विशेष कक्षाएं
शिक्षा निदेशक जम्मू डा. नसीम जावेद चौधरी ने शिक्षकों से कक्षा तीसरी से आठवीं तक के ऐसे विद्यार्थियों की पहचान करने को कहा है जो पढ़ने में कमजोर हैं।इन बच्चों के लिए पांच मार्च से नए सत्र के आरंभ तक विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि वे अपनी कक्षा के अनुरूप स्तर प्राप्त कर सकें।इसके अलावा स्कूलों के प्रिंसिपलों व हेडमास्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिक्षकों को नए शैक्षणिक कैलेंडर से अवगत कराएं तथा समय पर पाठ्यपुस्तकों और शिक्षा संबंधी सामग्री का वितरण सुनिश्चित करें।
प्रत्येक स्कूल में टाइम टेबल तैयार किया जाएगा और उसके मुताबिक ही स्कूलों में पढ़ाई करवाई जाएगी। वहीं स्कूल खुलने से पूर्व ही वहां स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बिजली, स्मार्ट कक्षाओं आदि की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा निदेशक ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे क्लस्टर हेड के माध्यम से स्कूलों की नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करें। इन सब बंदोबस्त की निगरानी संयुक्त निदेशक अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे।  |
|