search

किसानों की होली अधर में? 48 दिनों से नहीं मिला गन्ना भुगतान, 42 करोड़ रुपये के लिए भटक रहे अन्नदाता

cy520520 3 hour(s) ago views 1003
  

काला खेड़ा स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल



संवाद सहयोगी, हसनपुर। होली का त्योहार नजदीक है, पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। त्योहारी सीजन में किसानों के सिर पर खर्च का बोझ है। तहसील क्षेत्र की हसनपुर चीनी मिल पर किसानों का करीब 42 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। किसान होली से पहले गन्ना भुगतान मिलने की आस देख रहे हैं।

दि किसान सहकारी चीनी मिल गजरौला हसनपुर पर क्षेत्र के 16685 किसानों का करीब 42 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। इस चीनी मिल ने छह जनवरी के बाद से किसानों को गन्ना भुगतान नहीं किया है। यानी किसानों को गन्ना भुगतान मिले 48 दिन का समय बीत चुका है।

शासन के आदेश के मुताबिक किसानों को गन्ने का भुगतान 14 वें दिन दिया जाना चाहिए। मुख्य गन्ना अधिकारी डा. एसएस ढाका का कहना है कि चीनी मिल गन्ना किसानों को छह जनवरी तक 51 करोड़ 79 लाख, 83 हजार रुपये का गन्ना भुगतान कर चुकी है। आगे का गन्ना भुगतान करने का जल्द प्रयास चल रहा है।
भुगतान के मामले में त्रिवेणी शुगर मिल आगे

त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर किसानों का गन्ना भुगतान करने के मामले में दूसरी चीनी मिलों से आगे चल रही है। यह चीनी मिल शासन की मंशा के अनुरूप 14 दिन के अंदर किसानों को भुगतान दे रही हैं। त्रिवेणी शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ एक नवंबर 25, को किया था।

12 फरवरी 26, तक चीनी मिल ने 64.10 लाख क्विंटल गन्ने का 25214.50 लाख रुपये का भुगतान 38 हजार गन्ना किसानों के बैंक खातों में भेज दिया है। त्रिवेणी शुगर मिल के उपाध्यक्ष शुगर आमोद कुमार शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी तक खरीदे गन्ने का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

जबकि 13 से 19 फरवरी तक सात दिन की गन्ना खरीद 3.26 लाख क्विंटल का भुगतान 1560.26 लाख रुपये बुधवार को भेजे जाएंगे। उन्होंने किसानों से अपना संपूर्ण गन्ना चीनी मिल को ही आपूर्ति करने की अपील की है।
वेव शुगर मिल ने 12.58 करोड़ का भुगतान भेजा

होली से पहले क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। वेव शुगर मिल ने 28 जनवरी तक का 12 करोड़ 58 लाख रुपये का बकाया भुगतान सीधे किसानों के खातों में भेज दिया है। भुगतान मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है और वे त्योहार की तैयारियों में जुट गए हैं।

मिल प्रबंधन के अनुसार, अब तक कुल 289 करोड़ 49 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वर्ष 2025-26 का पेराई सत्र नवंबर माह में शुरू हुआ था व मिल अब तक 96 लाख 44 हजार कुंतल गन्ने की पेराई कर चुकी है। 14 दिन पूर्व तक कुल देय भुगतान 334 करोड़ 65 लाख रुपये बनता है, जिसमें से 86.50 प्रतिशत राशि किसानों को दी जा चुकी है।

गन्ना महाप्रबंधक जगवीर सिंह ने बताया कि शेष 45 करोड़ 16 लाख रुपये का भुगतान भी जल्द कर दिया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसान महेश कुमार का कहना है कि समय पर भुगतान मिलने से बीज, खाद और घरेलू जरूरतें पूरी करने में सहूलियत होगी। होली भी अच्छे से मना सकेंगे।

यह भी पढ़ें- गन्ना किसानों के लिए \“बड़ी चेतावनी\“: शाहजहांपुर की 3 मिलों में चीनी रिकवरी गिरी, क्या कम मिलेगा दाम?   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162751