भारत के लिए सेमीफाइनल का समीकरण
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज ने सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 107 रनों से बड़ी जीत हासिल की है। इसी के साथ उन्होंने पहले ग्रुप में अंक तालिका में पहला स्थान प्राप्त कर लिया है। वेस्टइंडीज की इस जीत से भारत पर बड़ा असर पड़ सकता है। विंडीज की इस जीत के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह अब और भी मुश्किल हो गई है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम का सेमीफाइनल खेलने का सपना अब अधूरा रह सकता है।
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर जीत के बाद अब अपना नेट रन रेट बहुत ही बेहतर कर लिया है। ऐसे में अब अगर उन्हें भारत या साउथ अफ्रीका के खिलाफ किसी एक मैच में जीत मिली, तो टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में क्वालीफाई करना लगभग मुश्किल हो सकता है। भारत का रन रेट भी -3.8 है और ऐसे में टीम इंडिया के लिए वेस्टइंडीज का रन रेट पार कर पाना लगभग असंभव है।
वेस्टइंडीज की जिम्बाब्वे पर जीत
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ये टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 147 रनों पर सिमट गई और उन्हें 107 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ अब भारत के ग्रुप में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने अपना पहला मैच जीत लिया है। विंडीज का रन रेट भी +5.350 हो गया है, जो टीम इंडिया के लिए खतरा हो सकता है।
भारत के लिए सेमीफाइनल का समीकरण
वेस्टइंडीज की जीत ने भारत के सेमीफाइनल समीकरण को हर तरह से बिगाड़ दिया है। सबसे पहले भारत को अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे और बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी ताकि रन रेट नकारात्मक से सकारात्मक हो सके। इसके अलावा भारत चाहेगा कि वेस्टइंडीज की टीम को साउथ अफ्रीका हरा दे और ऐसी स्थिति में टीम इंडिया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगी।
वेस्टइंडीज की टीम अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल करती है, तो भारतीय टीम लगभग सेमीफाइनल की रेस बाहर हो जाएगी। ऐसी स्थिति में भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के 4-4 अंक होंगे। टीम इंडिया का रन रेट खराब होने की वजह से वे बाहर हो सकते हैं। इस तरह अब भारत के पास एक ही विकल्प बचा है कि वे उम्मीद करें साउथ अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज को हरा दे और उस स्थति में विंडीज 2 अंक पर रहेगा और भारत के 4 अंक होंगे। ऐसे में टीम इंडिया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगी।
भारत के सुपर-8 में मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम को अपना अगला मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को खेलना है। इसके अलावा उन्हें वेस्टइंडीज का सामना 1 मार्च को करना है, जो सुपर-8 का आखिरी मैच होगा। ऐसे में अगर साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज को हरा देती है, तो टीम इंडिया अपने आखिरी मैच में विंडीज को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है।
यह भी पढ़ें- IND-W vs AUS-W: टी20 सीरीज में ऐतिहासिक जीत के बाद अब वनडे में भी करिश्मा दोहराना चाहेगी टीम इंडिया
यह भी पढ़ें- ZIM vs WI: शिमरन हेटमायर ने T20 World Cup में किया बड़ा करिश्मा, ऐसा करने वाले बने वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज  |
|