बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर भीषण हादसा, घनी धुंध के कारण आपस में भिड़ीं 10 गाड़ियां।
जागरण संवाददाता, संगरूर। पंजाब के संगरूर में सोमवार सुबह घनी धुंध के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी अनुसार सुबह बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर उभावाल-बड़रुखां के समीप धुंध के कारण लगभग 10 गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
उभावल से बड़रखां जाते रास्ते पर हुए हादसे को देखने के लिए सड़क के दूसरी तरफ धीमी रफ्तार में हुए चार वाहन भी आपस में भिड़ गए। यानी हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की आपस में जबरदस्त टक्कर हुई।
बताया जा रहा है कि अचानक घनी धुंध छा जाने से वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते एक के बाद एक वाहन भिड़ते चले गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन भर लोग घायल हुए।
हादसे के बाद दो गाड़ियां सड़क किनारे खतानों में भी जा गिरी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं व राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत संगरूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार धुंध अचानक घनी होने और कुछ वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में जारी है। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसे में अमृत सिंह 42 पुत्र राजू सिंह निवासी फरीदकोट की मौत हो गई।
बलजीत कौर 50 निवासी बरनाला, किरणा देवी 30 निवासी भाईरूपा बठिंडा, जसपाल कौर (65) निवासी गुरु हरसहाये फरीदकोट, सुरजीत सिंह (55) निवासी गुरु हर सहाये फरीदकोट , जगसीर सिंह (35) घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। |