search

होली 2026 पर मुंबई, दिल्ली व कोलकाता से घर लौटना मुश्किल, नियमित ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार

Chikheang 3 hour(s) ago views 549
  

Bihar Migrant Passengers: स्लीपर से लेकर एसी कोच तक लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। फोटो सौ. एएनआई



संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Train Waiting List: रंगों के पर्व होली 2026 पर घर लौटने की तैयारी कर रहे प्रवासी यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।

देश के बड़े महानगरों से बिहार आने वाली लगभग सभी नियमित ट्रेनों में सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं। स्लीपर से लेकर एसी कोच तक लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है।

मुंबई, दिल्ली, गुजरात, गुवाहाटी और कोलकाता जैसे शहरों से बिहार की ओर आने वाली ट्रेनों में होली से पहले ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। ऑनलाइन और टिकट काउंटर दोनों जगह यात्रियों को निराशा हाथ लग रही है।
मुंबई रूट: अवध एक्सप्रेस में भी ‘नो सीट’

मुंबई से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए अवध एक्सप्रेस प्रमुख सहारा मानी जाती है। लेकिन होली तक इस ट्रेन में एक भी कन्फर्म सीट उपलब्ध नहीं है। वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
गुवाहाटी रूट: साप्ताहिक अमरनाथ एक्सप्रेस फुल

गुवाहाटी से आने वाले यात्रियों के लिए साप्ताहिक अमरनाथ एक्सप्रेस ही मुख्य विकल्प है। 25 फरवरी को चलने वाली इस ट्रेन में भी फिलहाल कोई सीट खाली नहीं है। एकमात्र साप्ताहिक ट्रेन होने के कारण इसमें भारी भीड़ देखी जा रही है।
गुजरात रूट: पोरबंदर नमक ट्रेन में भी लंबी वेटिंग

गुजरात से बिहार आने वालों के लिए पोरबंदर नमक ट्रेन 26 और 27 फरवरी को चलती है। लेकिन इस ट्रेन में भी ‘नो रूम’ की स्थिति बनी हुई है। सैकड़ों की वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को टिकट कन्फर्म होने की उम्मीद बेहद कम है।
दिल्ली रूट: कई ट्रेनें, फिर भी राहत नहीं

दिल्ली से आने वाले यात्रियों के लिए सप्तक्रांति एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और चंपारण हमसफर एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें उपलब्ध हैं। बावजूद इसके 3 मार्च तक किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
कोलकाता रूट: पूर्वांचल एक्सप्रेस भी फुल

कोलकाता से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए साप्ताहिक पूर्वांचल एक्सप्रेस ही मुख्य ट्रेन है। लेकिन इसमें भी सीटें उपलब्ध नहीं हैं। त्योहार के मौके पर घर न पहुंच पाने की आशंका से यात्री खासे परेशान हैं।
अतिरिक्त ट्रेनों की मांग तेज

लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों ने भारतीय रेल से होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की मांग तेज कर दी है। यात्रियों का कहना है कि यदि जल्द अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा नहीं हुई तो हजारों लोगों को इस बार होली घर से दूर ही मनानी पड़ सकती है।
यात्रियों की पीड़ा

इस बारे में बगहा के मिथिलेश कुमार पांडेय कहते हैं कि हर साल होली पर घर जाता हूं, लेकिन इस बार अवध एक्सप्रेस में टिकट नहीं मिला। वेटिंग बहुत ज्यादा है। वहीं अविनाश कुमार का कहना है कि अमरनाथ एक्सप्रेस ही एक विकल्प था, लेकिन उसमें भी सीट नहीं है। अब वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।

बगहा के ही सूरज कुमार गुप्ता ने कहा कि दिल्ली से आने वाली सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। पढ़ाई के कारण घर लौटना मुश्किल हो गया है। सुधीर कुमार ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस में भी सीट नहीं मिली। लगता है इस बार होली घर से दूर ही मनानी पड़ेगी।
रेलवे की स्थिति

स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि फिलहाल रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों की कोई आधिकारिक सूची प्राप्त नहीं हुई है। यात्रियों को आगे की घोषणा का इंतजार है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166243