सोनभद्र: जीजा-दोस्त पर युवती से छेड़छाड़ व धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, बीजपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने सगे जीजा और उनके एक मित्र पर छेड़छाड़, शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता ने अब न्यायालय की शरण ली है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार पीड़िता ने बताया कि उसके सगे जीजा विशाल और उनका मित्र राहुल लंबे समय से उस पर बुरी नजर रखे हुए थे।
पीड़िता का आरोप है कि 15 अगस्त को उसके जीजा ने अपने मित्र के साथ मिलकर उसके घर पर अश्लील हरकतें कीं और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने जब इसकी शिकायत अपने माता-पिता से की तो उन्होंने लोक-लाज के डर से उसे चुप रहने की सलाह दी। इस चुप्पी का फायदा उठाकर आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और वे लगातार युवती को प्रताड़ित करने लगे।
आरोपितों की हरकतों से तंग आकर पीड़िता 24 अगस्त को अपने मौसा के घर बीजपुर चली गई, लेकिन आरोपियों ने वहा भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। एक अक्टूबर शाम करीब पांच बजे आरोपित विशाल और राहुल बीजपुर पहुंच गए। उन्होंने युवती को दशहरे के बहाने साथ ले जाने की कोशिश की। युवती के इनकार करने पर आरोपियों ने मौसा के वृद्ध माता-पिता के सामने ही युवती के कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ की।
वहीं जाते-जाते आरोपियों ने युवती को अगवा करने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का आरोप है कि उसने इस घटना की सूचना थाना बीजपुर में दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने 11 अक्टूबर को एसपी को रजिस्टर्ड डाक के जरिए पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। |