प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, रांची। खेलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान आसिफ के रूप में हुई है, जो कांटाटोली स्थित रजा कालोनी का निवासी था। आसिफ की पहचान छिपाने के लिए चेहरा पर पत्थर से वार किया गया था।
घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून गिरा हुआ था और घसीटने का निशान था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आसिफ बुधवार शाम अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। घरवालों ने पूरी रात उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया।
खादगढ़ा बस स्टैंड में कंडक्टर का काम
गुरुवार सुबह घरवालों को सूचना मिली कि खेलगांव थाना क्षेत्र में झाड़ी के पास एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचकर घरवालों ने शव की पहचान आसिफ के रूप में की। बताया जा रहा है कि आसिफ खादगढ़ा बस स्टैंड में कंडक्टर का काम करता था।
परिवार के लोगों का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह अपने काम से काम रखने वाला युवक था। अचानक उसकी हत्या की खबर से परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही खेलगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि वारदात के समय वहां कौन-कौन मौजूद था। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन का काल डिटेल भी निकाला जा रहा है, जिससे यह जानकारी मिल सके कि बुधवार को उसने किन-किन लोगों से बात की थी और आखिरी बार किसके संपर्क में था।
पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश या किसी व्यक्तिगत विवाद की भूमिका हो सकती है। हालांकि, अभी तक हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के घरवालों को थाना बुलाकर उनसे पूछताछ की गई है।
परिवार को किसी पर शक नहीं
घरवालों ने किसी विशेष व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। |
|