प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। होली पर घर आने के बाद वापस काम पर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पांच और ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी है। इसमें दक्षिण भारत और गुजरात से बिहार जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें हैं जो प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज जंक्शन होकर गुजरेंगी।
उत्तर मध्य रेलवे ने गुरुवार को इन ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी जो \“होली स्पेशल\“ के रूप में चलेंगी। ये ट्रेनें फरवरी और मार्च के महीने की राह आसान करेंगी। इनमें अभी सीटें खाली हैं, बुकिंग शुरू हो चुकी, ऐसे में यात्रियों को आरक्षित सीटें भी मिल जाएंगी। इसमें यशवंतपुर से धनबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन प्रयागराज छिवकी रुकेगी, जो शनिवार को यशवंतपुर से और सोमवार को धनबाद से चलेगी।
इसी तरह इंदौर के पास डॉ. अंबेडकर नगर से पटना जाने वाली स्पेशल ट्रेन भी प्रयागराज छिवकी रुकते हुए जाएगी, जिसका संचालन गुरुवार और शुक्रवार को तय किया गया है। गुजरात के वलसाड से बिहार के दानापुर जाने वाली ट्रेन भी प्रयागराज छिवकी के यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला को भी मिलेगा गुजारा भत्ता, शादी का सबूत जरूरी नहीं : हाई कोर्ट
दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए पटना-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन सूबेदारगंज स्टेशन पर रुकेगी, जबकि धनबाद-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन प्रयागराज जंक्शन और गोविंदपुरी होकर चलेगी। इन ट्रेनों के चलने से न केवल दिल्ली और हरियाणा जाने वालों को लाभ मिलेगा, बल्कि बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान होगा।
इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव सिर्फ प्रयागराज ही नहीं, बल्कि मीरजापुर, मानिकपुर और विंध्याचल जैसे स्टेशनों पर भी दिया गया है। अधिकांश ट्रेनों में स्लीपर, एसी और सामान्य डिब्बों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि हर वर्ग का यात्री सुविधापूर्वक सफर कर सके।
ट्रेन नंबर मूल स्टेशन गंतव्य स्टेशन
06563-64
यशवंतपुर
धनबाद
09343-44
डॉ. आंबेडकर नगर
पटना
09025-26
वलसाड
दानापुर
03293-94
पटना
नई दिल्ली
03639-40
धनबाद
शकूरबस्ती
|