तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
संवाद सूत्र, भवानीगंज (सिद्धार्थनगर)। एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले एक अध्यापक को इनकम टैक्स विभाग ने दो करोड़ रुपये का नोटिस थमा दिया है।
मामूली कमाई वाले व्यक्ति को अचानक बड़ी राशि के टैक्स डिमांड नोटिस मिलते ही उसके पांव तले जमीन खिसक गई। वह नोटिस लेकर जिला व थाने का चक्कर लगा रहा है। यही नहीं जब पीड़ित का पैन कार्ड चेक कराया गया तो उसपर दो जीएसटी का रजिस्ट्रेशन मिला।
मामला डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी ओमप्रकाश वर्मा पुत्र परमात्मा प्रसाद वर्मा ने 2020 में पैन कार्ड बनवाया था। इनके पैन कार्ड पर धोखाधड़ी करके किसी ने दो जीएसटी बनवा कर कंपनी खोल दी है।
पहला जीएसटी ओम ट्रेडर्स नई दिल्ली के नाम है, जिसपर 11,0790628 करोड़ का लेनदेन किया गया। उसका टैक्स 19942313 करोड़ बना है। जिसे पीड़ित ओम प्रकाश को चुकाने का नोटिस बीते 31 जनवरी को डाक से उनके गांव भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर कलेक्ट्रेट परिसर में युवक का आत्मदाह का प्रयास, डीजल पीने से मची अफरातफरी
वहीं दूसरा जीएसटी फर्रुखाबाद में वर्मा इंटरप्राइजेज के नाम से चल रहा है। पीड़ित ओम प्रकाश वर्मा एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक हैं। उसी खर्चे से अपना व अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। करोड़ो का नोटिस देख उनकी रातों की नींद हराम हो गई है।
उन्होंने डुमरियागंज थाने में तहरीर भी दिया क्योंकि साइबर क्राइम का मामला है। थाना ही नहीं जिले पर जाकर कई लोगों से मिले लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने कहा कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है। |
|