चास नगर निगम चुनाव के मद्देनजर ड्राई-डे की घोषणा। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। Chas Nagar Nigam Chunav 2026: झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए 23 को मतदान होना है। इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो दिनों के लिए शराबबंदी की घोषणा की गई है। बोकारो जिले में चास नगर निगम और फुसरो नगर निगम का चुनाव होना है।
नगरपालिका चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचन की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी बोकारो द्वारा संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में ड्राई-डे घोषित किया गया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत चास नगर निगम (वर्ग-ख) के 35 वार्डों तथा फुसरो नगर परिषद (वर्ग-ख) के 28 वार्डों में मतदान 23 फरवरी को निर्धारित है। इस अवसर पर आदेश निर्गत किया गया है कि मतदान के लिए निर्धारित समय की समाप्ति के 48 घंटे पूर्व, अर्थात 21 फरवरी की शाम पांच बजे से लेकर मतदान समाप्ति के अगले दिन 24 फरवरी की सुबह के सात बजे तक संबंधित मतदान क्षेत्रों में ड्राई-डे प्रभावी रहेगा।
ड्राइडे की अवधि के दौरान किसी भी होटल, रेस्तरां, क्लब या अन्य प्रतिष्ठान में शराब की बिक्री या परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी भोजनालय, दुकान, सार्वजनिक अथवा निजी स्थान पर शराब का वितरण या विक्रय नहीं किया जाएगा।
बिना लाइसेंस वाले परिसरों में शराब के भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा प्रतिबंधों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ, ड्राइडे को देखते हुए शराब पीने वाले ड्राई डे का स्टाक तैयार करने में जुट गए हैं। शराब खरीदकर घरों में जमा कर रहे हैं। |