बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। लोहारू के समीप मंगलवार शाम एक बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में झज्जर जिले के गुढा गांव निवासी राजबीर (47) की मौत हो गई जबकि बेटी खुशी (21) घायल हो गई। लोहारू थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर चरखी दादरी नागरिक अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया।
वहीं, पुलिस ने आरोपित बोलेरो चालक को काबू कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में घायल खुशी ने बताया कि उसका परिवार मूलरूप से झज्जर जिले का रहने वाला है और उसके पिता राजबीर राजस्थान के देवरोड में केबल का काम करते थे। सोमवार को उसका दिल्ली पुलिस का फिजिकल था और वो अपने पिता के साथ फिजिकल देने दिल्ली गई थी।
शाम को वो अपने पैतृक गांव गुढ़ा चले गए और मंगलवार को वहां से राजस्थान के देवरोड जाने के लिए बाइक पर सवार होकर निकले थे। जब वो लोहारू के समीप पहुंचे तो एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बोलेरो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। वहीं, हादसे में घायल राजबीर व खुशी को उपचार के लिए चरखी दादरी नागरिक अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने राजबीर को मृत घोषित कर दिया जबकि खुशी को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया और वहां उसका उपचार चल रहा है।
लोहारू थाना पुलिस ने बुधवार को कागजी कार्यवाही पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी एएसआइ रविंद्र ने बताया कि घायल खुशी के बयान पर आरोपित बोलेरो चालक पर केस दर्ज किया गया है। |