निरीक्षण करते डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम। सौ-जिला प्रशासन
जागरण संवाददाता, पटना। जिले के पश्चिमी क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज करने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। डीएम डाॅ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा (पटना रिंग रोड तक) करीब 10.5 किलोमीटर पथ के चौड़ीकरण व नौबतपुर लख के पास बन रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
पथ निर्माण विभाग एम्स गोलंबर से नेवा होते हुए रिंग रोड़ को दो लेन का कर रहा है। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, पटना पश्चिम को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने फुलवारीशरीफ-जानीपुर रोड का किया निरीक्षण
इसी क्रम में उन्होंने नौबतपुर लख के पास बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे नए फ्लाई ओवर के निर्माण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसके निर्माण कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
एम्स गोलंबर के पटना रिंग रोड से जुड़ने व नौबतपुर लख में फ्लाईओवर बनने के बाद फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर समेत पटना पश्चिमी क्षेत्र का विकास तेज होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान 21 फरवरी 2025 को जिले के लिए दस हजार आठ सौ इकहत्तर करोड़ से अधिक की 32 विकास योजनाओं की घोषणा की थी।
सरकार ने इसे शीघ्र स्वीकृति भी दे दी थी। उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर को इन योजनाओं के नियमित पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम ने कहा कि वे खुद नियमित रूप से स्थल भ्रमण व इसकी निगरानी कर रहे हैं।
एम्स गोलंबर से रिंगरोड तक दो लेन से पश्चिमी क्षेत्र की रफ्तार होगी तेज
एम्स गोलम्बर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा होते हुए पटना रिंग रोड तक पथ के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इसके तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ उसका बेस भी मजबूत किया जा रहा है।
इसके अलावा जलनिकासी, पुल-पुलिया में सुधार व आधुनिक ट्रैफिक संकेतकों की व्यवस्था की जा रही है। इससे न केवल पश्चिमी क्षेत्र में यातायात सुगम होगा बल्कि ट्रैफिक जाम कम होने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
फ्लाईओवर बनने से भारी वाहनों व स्थानीय यातायात के अलग-अलग मार्ग
नौबतपुर लख के समीप यातायात दबाव को देखते हुए नए फ्लाइओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद नौबतपुर व आसपास के क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
यह फ्लाईओवर एम्स गोलम्बर-जानीपुर-नेवा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के साथ समन्वय में विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्रीय यातायात नेटवर्क और सुदृढ़ होगा।
फ्लाई ओवर बनने के बाद भारी वाहनों व स्थानीय यातायात के लिए अलग-अलग मार्ग हो जाने से दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
10871 करोड़ की सभी 32 योजनाओं पर कार्य जारी
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले में 10,871 करोड़ रुपये से अधिक लागत की जिन 32 विकास योजनाओं की घोषणा की थी, सभी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
इन योजनाओं में सड़क, पुल, फ्लाई ओवर, शहरी संपर्कता व आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में रोजगार सृजन, निवेश वृद्धि व शहरी-ग्रामीण संपर्क को मजबूती मिलेगी।
सरकार की प्राथमिकता के अनुसार आधारभूत संरचना को मजबूत कर समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। |