इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी) । Bihar Power Department Action : पहले भुगतान, फिर रोशन घर यही संदेश लेकर जयनगर में बिजली विभाग एक्शन मोड में आ गया है। साढ़े तेरह करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य को सामने रखते हुए बकायेदार उपभोक्ताओं पर सख्ती शुरू कर दी गई है।
पांच हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वालों की सूची तैयार हो रही है और जरूरत पड़ने पर कनेक्शन काटने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है। अलग-अलग टीमों का गठन कर वसूली अभियान तेज कर दिया गया है, जिससे साफ है कि इस बार बिना बिल चुकाए राहत मिलने वाली नहीं है।
13 करोड़ राजस्व वसूली का लक्ष्य
बिजली विभाग द्वारा इस वित्तीय वर्ष जयनगर विद्युत अवर प्रमंडल को साढ़े तेरह करोड़ राजस्व वसूली के लक्ष्य के मद्देनजर बुधवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय सभागार में कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक की अध्यक्षता में सभी प्रशाखा के अभियंताओं एवं फ्रेंचाइजी व मानव बल के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा सर्किल के वरीय प्रबंधक (लेखा) मनोज कुमार लाल, वरीय प्रबंधक (राजस्व) विवेक कुमार, सहायक अभियंता जयनगर वरुण कुमार, सुनिल कुमार, संजीत कुमार, जयनगर जेई गौरी शंकर प्रसाद, खजौली प्रीय रंजन, कलुआही केशव किशन, बासोपट्टी ओम प्रकाश अकेला, लदनियां सुशील कुमार, बाबूबरही नंद किशोर कुमार, हरलाखी सपन कुमार, फ्रेंचाइजी सुमन कुमार झा, मो. शकिल, तुलसी कुमार, मो. रिजवान समेत अन्य मौजूद थे।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सभी बकायेदार बिजली उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूली के लिए अलग-अलग टीम का गठन किया गया है। इसके साथ बड़े बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काटने का निर्देश दिया गया है। पांच हजार से अधिक बिजली विपत्र बकायेदारों का कनेक्शन काटने का निर्देश दिया है।
जयनगर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत सभी छह प्रशाखा में करीब 26 करोड़ रुपये उपभोक्ताओं पर बकाया है। बड़े बकायेदारों को चिन्हित किया जा रहा है। केजी (बीपीएल) उपभोक्ता जो रसूखदार हैं उन्हें भी चिन्हित कर बकाया वसूल करने का निर्देश दिया गया है। |