search

CRPC की जगह थमा दिया CPC का पेपर, झारखंड के जेजे कॉलेज में LLB की परीक्षा रद

deltin33 2026-2-18 15:56:41 views 418
  

जेजे कॉलेज के बाहर छात्र। फोटो जागरण



संवाद सहयोगी, कोडरमा। झुमरीतिलैया स्थित जेजे कॉलेज में बुधवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय विधि संकाय 2 (एलएलबी पार्ट 2) की परीक्षा के दौरान अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीआरपीसी (दंड प्रक्रिया संहिता) पेपर-3 की परीक्षा आयोजित की जानी थी। लिफाफे और क्वेश्चन के ऊपर भी सीआरपीसी अंकित था, लेकिन जब प्रश्नपत्र छात्रों के बीच बांटा गया तो उसमें पूछे गए प्रश्न सीपीसी (सिविल प्रोसीजर कोड) से संबंधित थे। जिसकी परीक्षा निर्धारित तारीख के अनुसार कल 19 फरवरी को होनी थी।

प्रश्नपत्र का कंटेंट अलग होने से परीक्षा कक्ष में अफरातफरी मच गई। छात्र सीआरपीसी की तैयारी कर परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन प्रश्न सीपीसी विषय से देख वे आक्रोशित हो उठे। कुछ ही देर में छात्रों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया और परीक्षा कक्ष से बाहर निकल गए।

मामले की सूचना मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन सक्रिय हुआ। छात्रों से प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं वापस ले ली गईं। बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरी घटना से अवगत कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार की परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद कर दी गई।

अब गुरुवार को निर्धारित सीपीसी विषय की परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। माना जा रहा है कि चूंकि सीपीसी से संबंधित प्रश्न बुधवार को ही पूछे जा चुके हैं, ऐसे में गुरुवार की परीक्षा भी रद्द की जा सकती है।

हालांकि इस संबंध में विश्वविद्यालय स्तर से अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किया गया है। अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस संबंध में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सेंटर सुपरिंटेंडेंट मिथिलेश उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा के लिए प्राप्त लिफाफे के ऊपर अंकित तिथि और पाली के अनुसार ही उसे खोला गया था।

बाहरी आवरण पर उसी दिन की परीक्षा का विवरण दर्ज था, लेकिन अंदर जो प्रश्नपत्र निकला वह अगले दिन की परीक्षा से संबंधित था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है और आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है।

फिलहाल बुधवार की परीक्षा रद्द कर दी गई है। छात्रों को नई तिथि की जानकारी विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार दी जाएगी। घटना के बाद छात्रों में परीक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। जेजे कॉलेज में झुमकी तिलैया झारखंड विधि महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
478131