फिल्म निर्माण के जरिये फ्रांस और भारत के बीच सहयोग और मजूबत करने को लेकर किया संवाद (फोटो- एक्स)
एंटरटेनमेंट ब्यूरो, मुंबई। भारत दौरे पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों से फिल्मी हस्तियों की मुलाकात हुई। इस दौरान उनके बीच इस बात पर संवाद हुआ कि फ्रांस और भारत फिल्म उद्योग के माध्यम से सहयोग को कैसे और मजबूत कर सकते हैं और कहानी कहने के दायरे का विस्तार कैसे किया जा सकता है।
ताज महल पैलेस होटल में दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई लगभग दो घंटे की लंच बैठक में जोया अख्तर, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, अनिल कपूर, कबीर खान, नीरज घेवन, रिचा चड्ढा और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज समेत कई हस्तियां शामिल हुई।
प्रेट्र के अनुसार इमैनुएल मैक्रों और ब्रिजिट मैक्रों ने फिल्मी हस्तियों के साथ लंच में रैटटौली और लजीज पनीर भुर्जी के स्वाद का आनंद लिया। लंच में इंडो- फ्रेंच व्यंजन परोसे गए। इनमें रैटटौली पनीर भुर्जी डंपलिंग, स्ट्राबेरी डेसर्ट और कुल्फी शामिल थे।
मैक्रों ने एक्स पर इस बैठक की तस्वीरें साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, भारतीय सिनेमा के दिग्गजों के साथ। संस्कृति हमें एकजुट करती है।
फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे रिकी केज ने बताया कि सभी ने इस मुद्दे पर बात की कि फिल्म निर्माण के जरिये फ्रांस और भारत के रिश्तों को कैसे मजबूत किया जा सकता है और कैसे हम भारत में फ्रांसीसी कहानियां तथा फ्रांस में भारतीय कहानियां सुना सकते हैं। हमने यह भी चर्चा की कि दोनों देशों के बीच वित्तीय रूप से कैसे लाभ उठाया जाए और अच्छी फिल्में बनाई जाए जो दोनों देशों में लोकप्रिय हों। अभिनेता अनिल कपूर के लिए यह दोपहर व्यक्तिगत रूप से भी खास रही।
केज के अनुसार, ब्रिजिट मैक्रों ने अपनी उड़ान के दौरान 2008 की आस्कर विजेता फिल्म स्लमडाग मिलियनेयर के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया था। वह अनिल कपूर से मिलकर बहुत खुश हुईं।
केज ने बताया कि जैसे ही अनिल कपूर आए, मैंने उन्हें उनसे मिलवाया। डैनी बायल निर्देशित इस ड्रामा में गेम शो होस्ट की भूमिका निभाने वाले अनिल ने कहा कि यह मुलाकात उनके लिए यादगार रही। स्लमडॉग मिलियनेयर ने आठ पुरस्कार जीते थे, जिनमें एआर. रहमान को सर्वश्रेष्ठ ओरिजनल स्कोर और सर्वश्रेष्ठ गाने \“जय हो\“ के लिए दो आस्कर मिले थे।
पेरिस से राष्ट्रपति मैक्रों के साथ आए रिकी केज ने कहा कि भारत के लिए फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, मैं पेरिस में था और मुझे राष्ट्रपति मैक्रों व मैडम ब्रिजिट के साथ प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनने का निमंत्रण मिला।
विमान में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ डिनर का मौका मिला, जहां हमने संस्कृति, साफ्ट पावर, संगीत और दुनिया को बेहतर बनाने में संगीत की भूमिका पर चर्चा की।\“
राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत यात्रा पर हैं। यह उनकी भारत की चौथी यात्रा है और मुंबई की पहली यात्रा है। |