LHC0088 • Yesterday 20:56 • views 759
धनबाद में मीडिया को संबोधित करते झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और अन्य।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में सबसे अधिक विकास भाजपा शासनकाल में हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सरकार में लूट, अपहरण जैसे अपराध बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव में इस बार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का परचम लहराएगा।
निकाय चुनाव दलीय आधार पर न कराने का आरोप
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने हार के डर से निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग विकास की बात कर रहे हैं, उन्हें सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने आगामी नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार अग्रवाल के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए उनकी जीत का भरोसा जताया।
अनुशासनहीन नेताओं को शो-कॉज नोटिस
पार्टी के भीतर अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए साहू ने कहा कि जो नेता पार्टी लाइन से हटकर काम कर रहे हैं, उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन समिति पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कानून-व्यवस्था और बैलेट पेपर पर उठाए सवाल
राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने चक्रधरपुर में प्रत्याशी विजय सिंह गगराई को मिली धमकियों और अन्य आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया। धनबाद में डॉ. मिहिर झा को भी धमकी देकर राशि मांगने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था पूरी तरह विफल है।चुनाव में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने आशंका जताई कि सरकार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित कर सकती है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, विधायक राज सिन्हा, जिप अध्यक्ष शारदा सिंह, संगठन मंत्री गणेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण राय, प्रदेश संगठन मंत्री सरोज सिंह, राजकुमार अग्रवाल और शेखर सिंह समेत कई नेता मौजूद थे। |
|