search

किसान से 1.30 लाख की साइबर ठगी, बैंक अधिकारी बनकर खेत की फाइल पास कराने का दिया झांसा

Chikheang 3 hour(s) ago views 284
  

बैंक अधिकारी बनकर किसान से 1.30 लाख की साइबर ठगी।



जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामपुर उर्फ साधोपुर गांव निवासी किसान विजय राय से साइबर अपराधियों ने जालसाजी के जरिए 1 लाख 30 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पीड़ित विजय राय ने पुलिस को बताया कि वह खेत के काम में व्यस्त थे, तभी एक अनजान नंबर से काल आया। काल करने वाले ने खुद को वाराणसी से बैंक का बड़ा अधिकारी बताया और कहा कि उनके खेत से संबंधित फाइल तैयार हो चुकी है, जिसे पास कराने के लिए तत्काल धनराशि भेजनी होगी।

झांसे में आकर किसान ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1.30 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने दोबारा उसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल स्विच आफ मिला।

इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और रेवतीपुर थाना के साइबर सेल को लिखित सूचना दी। रेवतीपुर थाना के साइबर सेल प्रभारी आबिद अली ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

तकनीकी सर्विलांस और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर साइबर गिरोह की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना दर्शाती है कि साइबर अपराधी अब ग्रामीण इलाकों को भी निशाना बना रहे हैं।

बैंक अधिकारी बनकर काल करना, सरकारी फाइल पास कराने का झांसा देना और तत्काल धनराशि की मांग करना ठगों के नए तरीके सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध काल पर तुरंत सतर्कता बरतने की अपील की है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163404