फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा: माेटर स्पोर्ट्स क्लब आफ आगरा द्वारा आयोजित ताज कार रैली और बाइक रैली का आयोजन 20 से 22 फरवरी तक होगा। टाइम-स्पीड-डिस्टेंस (टीएसडी) फार्मेट की रैली से पहली बार बुंदेलखंड को जोड़ा गया है।
क्लब के सदस्यों ने आगरा से झांसी और झांसी से आगरा तक रैली मार्ग की रैकी की है, जिससे रूट पर प्रतिभागियों को सुरक्षित, रोमांचक एवं चुनौतीपूर्ण अनुभव मिले। इसमें ऐसे क्षेत्रों को शामिल किया गया, जिससे प्रतिभागियों की ड्राइविंग कौशल और नेविगेटर के नेविगेशन की परीक्षा होगी। कार रैली के लिए 52 और बाइक रैली को 25 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं।
20 से 22 फरवरी तक होगा टीएसडी फार्मेट की रैली का आयोजन
रैली 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे ताजनगरी फेज-टू स्थित होटल काेर्टयार्ड बाइ-मैरियर से शुरू होगी। प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। रैली में देश के प्रसिद्ध आटोमोबाइल एवं ट्रैवल इंफ्लुएंसर्स भाग ले रहे हैं। रैली में स्वच्छ भारत अभियान का संदेश दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रैली ड्राइवर पुणे के संजय टकाले विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
पहली बार बुंदेलखंड को जोड़ा गया है, स्वच्छता का संदेश गूंजेगा
संजय टकाले, डकार रैली-2025 के क्लासिक कार श्रेणी में फिनिश करने वाले पहले भारतीय हैं। मोटर स्पोर्ट्स क्लब आफ आगरा के प्रतिनिधिमंडल ने झांसी के डीएम मृदुल चौधरी से मुलाकात कर उन्हें रैली की जानकारी दी। उन्हाेंने 22 फरवरी को झांसी के किले के सामने से रैली को हरी झंडी दिखाने पर सहमति दी। रैली के 22 फरवरी को आगरा में होने वाले समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
पंजीकरण का अंतिम दिन आज
ताज मोटर कार और बाइक रैली में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 17 फरवरी है। प्रशांत जैन ने बताया कि मोटर स्पोर्ट़्स क्लब की वेबसाइट www.mscagra.com पर पंजीकरण कराने का अंतिम दिन मंगलवार है। इसके बाद रैली के लिए किसी का पंजीकरण नहीं किया जाएगा। |
|