LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 387
संबंधों के विवाद में दोस्त ने की थी अरुण निषाद की गोली मारकर हत्या। जागरण
संवाद सूत्र, चिलुआताल, (गोरखपुर)। तेनुइया गांव में अरुण निषाद की हत्या के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। रविवार को मुख्य आरोपित के घर में तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद सोमवार की सुबह एक बार फिर माहौल गरमा गया। आक्रोशित ग्रामीण न्याय की मांग करने गोरखनाथ मंदिर जाने को लेकर हंगामा करने लगे, जिन्हें पुलिस ने बल प्रयोग कर रोक दिया। चिलुआताल थाना पुलिस ने घटना में शामिल दो नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है।
रविवार शाम करीब चार बजे संबंधों को लेकर अरुण और उसके दोस्त विशाल के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के दौरान विशाल, देवेंद्र और कुछ अन्य युवकों ने अरुण को गोली मार दी। गंभीर हालत में स्वजन उसे बीआरडी मेडिकल कालेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मेडिकल पुलिस चौकी के सामने एकत्र हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इससे पहले गांव पहुंची पुलिस टीम को भी आक्रोशित भीड़ ने खदेड़ दिया था। गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य आरोपित विशाल के घर पहुंचकर गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की। कुछ लोग दीवार फांदकर भीतर घुस गए और पथराव कर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। लूटपाट के प्रयास का भी आरोप है। विशाल के परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जबकि 19 फरवरी को उसकी बहन की शादी तय है।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण, आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर गोरखनाथ मंदिर की ओर बढ़े। सूचना मिलते ही गोरखनाथ पुलिस सक्रिय हो गई। मंदिर के सामने सड़क जाम करने की कोशिश कर रहे लोगों को बल प्रयोग कर तितर-बितर किया गया।
करीब 10 बजे एसएसपी डा. कौस्तुभ चिलुआताल थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोपहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेडिकल कालेज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में शव गांव लाया गया, जहां छामू थान पर अंतिम संस्कार हुआ।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल देवेंद्र कुमार,बिट्टू निषाद व दो नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपित विशाल व एक अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्थिति को देखते हुए गांव में सुरक्षा बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने युवती से किया दुष्कर्म, सीट दिलाने का झांसा देकर वारदात को दिया अंजाम
नाइन एमएम की पिस्टल से सीने में सटाकर मारी गई थी गोली
अरुण निषाद के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम तथ्य सामने आए। रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि अरुण को नाइन एमएम पिस्टल से दाहिनी ओर सीने में गोली मारी गई थी। गोली इतनी नजदीक और ताकतवर तरीके से दागी गई कि वह पसली से टकराते हुए फेफड़े को चीरती हुई निकल गई थी। डाक्टरों के अनुसार गोली लगने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और हृदय क्षति होने के कारण अरुण की मौके पर ही मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम हाउस पर अरुण का छोटा भाई तरुण परिजनों के साथ मौजूद रहा।
90 सेकेंड का वीडियो बना अहम सुराग,दिखे छह युवक
घटना से जुड़ा करीब 1 मिनट 30 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है, जिसे पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है। वीडियो में खेल मैदान में छह युवक खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद एक बाइक वहां पहुंचती है, जिसे अरुण चलाते हुए नजर आ रहा है। बाइक रुकने के बाद युवकों के बीच बातचीत होती दिखती है।
पुलिस हिरासत में लिए गए युवक और एक किशोर ने पूछताछ में बताया है कि बातचीत के दौरान विशाल पिस्टल निकालकर दिखा रहा था। अचानक गोली चल गई। हालांकि गोली जानबूझकर चलाई गई या अनजाने में ट्रिगर दबा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हिरासत में लिए गए युवकों का कहना है कि विवाद की असल वजह उन्हें भी नहीं मालूम।
पुलिस का कहना है कि वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है और फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण किया जा रहा है। मुख्य आरोपित विशाल के पकड़े जाने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई साफ हो सकेगी। फिलहाल वीडियो को अहम साक्ष्य मानते हुए विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। |
|