search

योगी सरकार का बड़ा तोहफा: काशी-गोवर्धन की तर्ज पर चमकेगा संभल का 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग, ₹303 करोड़ की भारी-भरकम मंजूरी

LHC0088 3 hour(s) ago views 599
  

संभल में तीर्थ परिक्रमा के उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरते श्रद्धालु। जागरण आर्काइव



जागरण संवाददाता, संभल। चौबीस कोसीय परिक्रमा यात्रा मार्ग जल्द ही सुगम होगी। क्योंकि अब यह मार्ग चकाचक होगा। उबड़-खाबड़ और वर्षा से जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की तरफ से भेजे गए करीब 303 करोड़ का प्रस्ताव को शासन सेमंजूरी मिल गई है। इस योजना के पूरा होने के बाद परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।

तहसील क्षेत्र में 68 तीर्थ व 19 कूप की चौबीस कोसीय परिक्रमा का काफी महत्व है। लोग काशी, गोवर्धन की तर्ज पर इस परिक्रमा को करने के लिए आते हैं। दीपावली के बाद कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को दो दिवसीय तीर्थ परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। जिसमें नगर व आसपास ग्रामीण क्षेत्र के ही नहीं बल्कि दूसरे जिलों व प्रदेशों से काफी संख्या में लोग आकर इसमें हिस्सा लेते हैं।

यहां पर सभी परिक्रमार्थी पैदल ही इस परिक्रमा को पूरा करते हैं। जिसमें से अधिकांश नंगे पैर होते हैं। इसके साथ ही प्रत्येक माह की पहली तारीख को भी मासिक परिक्रमा आयोजित की जाती है, लेकिन इसमें परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु अपने दो या चार पहिया वाहन से शामिल होते हैं। मगर, परिक्रमा में उन्हें काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण अधिकांश मार्ग कच्चा होने के कारण जगह जगह से क्षतिग्रस्त रहता है और ऐसे में वाहन निकालना बहुत कठिनाई भरा होता है। इसी को लेकर लोक निर्माण विभाग ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर चौबीस कोसीय परिक्रमा मार्ग के निर्माण व सुंदरीकरण के लिए 303 करोड़ की लागत से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था।

परिक्रमा मार्ग के निर्माण का कार्य मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल है और इस कारण ही जिला स्तर से लेकर शासन स्तर तक से इसी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा था। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। ऐसे में अब जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।

निर्माण के बाद यह सड़क करीब दस मीटर चौड़ी हो जाएगी। जिसमें सात मीटर चौड़ी सड़क के साथ दोनों ओर डेढ़ डेढ़ मीटर की पटरी होगी। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के साथ पटरी पर श्रद्धालु आसानी से आवाजाही कर सकेंगे।
185 करोड़ से सिविल तो 114 करोड़ की लागत से होगा शिफ्टिंग का कार्य

चौबीस कोसीय परिक्रमा मार्ग के 49.47 किलोमीटर यानी लगभग 50 किलोमीटर मार्ग के नवीनीकरण, मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा। 185 करोड़ की लागत से सिविल कार्य कराया जाएगा, जिसमें जरूरत होने पर भूमि खरीद भी शामिल है। जबकि 114 करोड़ की लागत से वहां निर्माण से पहले सड़क किनारे लगे पेड़, बिजली के खंभे व लाइन की शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा। जबकि लगभग चार करोड़ की लागत से मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।

  


प्रस्ताव को मुख्यालय से अनुमति मिल गई है। ऐसे में आगे की प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। जिसके पूरा होते ही जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान परेशानी नहीं होगी।

- सुनील प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संभल





यह भी पढ़ें- अमन से शादी और अब हरिद्वार से गंगाजल!: संभल की तमन्ना ने पेश की मिसाल, भारी सुरक्षा के बीच पहुंचीं अपने गांव
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161043