ट्रेड डील के संबंध में अमेरिका का दौरा करेगा भारतीय प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका (India-US Trade Deal) के बीच ट्रेड डील का एलान फरवरी की शुरुआत में हो चुका है, लेकिन अब भी इस समझौते का ब्यौरा पूरी तरह से सामने नहीं आया है। इस बीच भारत के कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने अहम जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय के मुख्य वार्ताकार और ज्वाइंट सेक्रेटरी, दर्पण जैन के नेतृत्व में भारतीय अधिकारियों का एक दल अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए अगले सप्ताह अमेरिका का दौरा करेगा।
राजेश अग्रवाल ने बताया कि दोनों देशों का लक्ष्य मार्च में समझौते पर हस्ताक्षर करना है। वाणिज्य सचिव ने यह भी कहा कि व्हाइट हाउस की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ में कटौती के लिए जल्द ही एक कार्यकारी आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है, और यदि इसमें देरी होती है, तो भारतीय प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह वाशिंगटन में इस मामले को उठाएगा।
अमेरिका ने घटाया टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था और रूस से तेल की खरीदी के मुद्दे पर अतिरिक्त 25% टैरिफ और थोप दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच पिछले 5 महीनों से लगातार ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही थी। लंबे इंतजार के बाद अमेरिका ने भारतीय आयतित वस्तुओं पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 फीसदी कर दिया और रूस से तेल खरीदी के मुद्दे पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त पेनाल्टी टैरिफ को खत्म करने की प्रतिबद्धता जताई है।
टैरिफ से भारत-यूएस ट्रेड प्रभावित
जनवरी में भारत का व्यापार घाटा दिसंबर के 25.04 अरब डॉलर से बढ़कर 34.68 अरब डॉलर हो गया, क्योंकि आयात में निर्यात की तुलना में कहीं अधिक वृद्धि हुई। वस्तुओं का निर्यात 38.51 अरब डॉलर से घटकर 36.56 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात 63.55 अरब डॉलर से बढ़कर 71.24 अरब डॉलर हो गया।
ये भी पढ़ें- ये इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी हर एक पर देगी एक फ्री शेयर, डिविडेंड भी ले सकेंगे निवेशक; जानें कब तक है मौका
जनवरी के आंकड़े भारत पर राष्टपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ के अंतिम प्रभाव को दर्शाते हैं, क्योंकि प्रभावी दर घटकर 25 प्रतिशत हो गई है और मार्च में भारत और अमेरिका द्वारा प्रस्तावित व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद इसके और घटकर 18 प्रतिशत होने की उम्मीद है। |
|