LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 528
डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस ने चलाई लाठियां।
संवाद सहयोगी, लोनी। मीरपुर हिंदू गांव में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार दोपहर प्लांट का ताला तोड़ने पर तीखी झड़प हुई। इस बीच कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया तो पुलिस ने लाठी भाजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसमें 10 लोगों के चोटिल होने की सूचना है। दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। एक वृद्धा के सिर में चोट आई है, उनकी मौत की अफवाह भी फैल गई।
पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन वृद्धा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डालकर उसके स्वस्थ होने की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। वहीं, लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मौके पर पहुंचने की सूचना पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण समेत एसडीएम, दो एसीपी और पांच थानों के थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात है। शाम को ग्रामीण वापस धरनास्थल पर लौट आए जबकि कुछ ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने वार्ता के लिए बुलाया।
प्लांट का ताला तोड़ अंदर दाखिल होने पर शुरू हुआ बखेड़ा
सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में चल रहे निर्माण कार्य के विरोध में रविवार को मीरपुर हिंदू गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मीरपुर समेत आसपास के ग्रामीण धरनास्थल पर एकत्र हुए थे। ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देने की मंशा से धरनास्थल पर एकत्र हुए थे। बाद में धरने पर एकत्र ग्रामीण महिलाओं के साथ प्लांट पर पहुंचे और गेट का ताला तोड़कर बलपूर्वक अंदर घुस गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर प्लांट से निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। विवाद के बाद पुलिस और ग्रामीणों में तीखी झड़प हो गई। पुलिस ग्रामीणों को हटाने की कोशिश की तो ग्रामीणों की ओर से पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने लाठी चलाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसमें दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अधिकारियों का लाठीचार्ज दावा है कि किसानों पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस पर गाली-गलौच करने किसानों पर लाठी भाजने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाठीचार्ज में पचायरा गांव निवासी 75 वर्षीय रेशम को चोट आई हैं। राजेंद्र, आशीष व जनेश्वर निवासीगण पचायरा व सोनू, महेश, माेहम्मद दीन चोटिल हो गए।
कुछ दिन पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया था आश्वासन
डंपिंग ग्राउंड पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले मीरपुर हिंदू गांव समेत कुछ गांव के किसान डंपिंग ग्राउंड के विरोध में धरने पर बैठ गए थे। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य बंद होने का आश्वासन के बाद किसान धरना बंद कर वापस चले गए थे। रविवार को डंपिंग ग्राउंड निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी मिली थी। इस पर वह ज्ञापन देने गए थे। तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
वृद्धा की मौत की अफवाह से उड़े पुलिस के होश
पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के बाद पचायरा गांव निवासी महिला 75 वर्षीय रेशम सिर में चोट लगने से गिर गई। इंटरनेट मीडिया पर वृद्धा की मौत होने की जानकारी साझा होने लगी। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी आसपास के थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन वृद्धा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डालकर उसके स्वस्थ हाेने की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया।
यह भी पढ़ें- \“साहब...कैसे उठेगी बेटी की डोली, चोर चुरा ले गए नकदी और जेवर\“, सदमे में परिवार; जांच में जुटी पुलिस |
|